पलामू: बाढ़ के कारण अपनी पढ़ाई की सामग्री गंवा चुकी मेदिनीनगर की छात्रा कृतिका को प्रशासन की ओर से 24 घंटे के भीतर कॉपी-किताब उपलब्ध करा दी गई। पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बच्ची की पढ़ाई में सहयोग का भरोसा भी दिलाया है।
जन समाधान कार्यक्रम में पहुंची थी छात्रा
मेदिनीनगर के सुदना बैंक कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाली कृतिका पांचवीं कक्षा की छात्रा है। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई गई है। उसकी मां घरेलू काम करती हैं, जबकि पिता फिलहाल रोजगार में नहीं हैं।
कुछ समय पहले कोयल नदी में आई बाढ़ के पानी से परिवार के घर में रखा सामान प्रभावित हुआ था। इसी दौरान कृतिका की पढ़ाई से जुड़ी कॉपी-किताबें भी नष्ट हो गईं।
इसके बाद कृतिका बुधवार को आयोजित जन समाधान कार्यक्रम में उपायुक्त से मिलने पहुंची और पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।
प्रशासन ने उपलब्ध कराई पढ़ाई की सामग्री
कृतिका की समस्या सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित पहल की। अगले ही दिन उसे कॉपी-किताब, स्कूल ड्रेस और जवाहर नवोदय विद्यालय की तैयारी से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई।
उपायुक्त ने छात्रा से उसकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी बातचीत की। कृतिका ने बताया कि वह आगे चलकर उपायुक्त बनना चाहती है। उसके लक्ष्य को सुनकर डीसी ने उसके आत्मविश्वास की सराहना की और मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
नवोदय में प्रवेश को बनाया पहला लक्ष्य
उपायुक्त ने कृतिका को समझाया कि प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए लगातार मेहनत और अच्छी पढ़ाई जरूरी है। फिलहाल उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश की तैयारी को उसका पहला लक्ष्य बताया और पढ़ाई में सहयोग का आश्वासन दिया।
डीसी ने यह भी कहा कि बच्ची के परिवार को बाढ़ से हुए नुकसान की स्थिति का आकलन कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को उसके घर भेजने की बात कही गई है, ताकि नियमानुसार आगे की सहायता पर कार्रवाई की जा सके।
कृतिका ने कहा- थैंक्यू सर
कॉपी-किताब और अन्य सामग्री मिलने के बाद कृतिका ने उपायुक्त को धन्यवाद दिया। उसने कहा कि वह मन लगाकर पढ़ाई करेगी और अपने लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश करेगी।
उपायुक्त के अनुसार, बच्ची ने स्वयं आगे बढ़कर अपनी पढ़ाई जारी रखने की इच्छा जताई, जो उसके मजबूत हौसले को दर्शाता है। प्रशासन की ओर से उसकी शिक्षा में आवश्यक सहयोग जारी रखने का भरोसा दिया गया है।
