Thursday, August 20, 2026

ईद मिलादुन्नबी से पहले रांची में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, मस्जिदों और जुलूस मार्गों पर होगी सफाई.

Share

रांची: ईद मिलादुन्नबी को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। पर्व 26 अगस्त को मनाया जाना है। इसी को लेकर गुरुवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में निगम के अधिकारियों और स्वच्छता शाखा के कर्मचारियों की बैठक हुई।

बैठक में पर्व के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए गए। मस्जिदों के आसपास, प्रमुख संपर्क मार्गों और जुलूस के निर्धारित रूट पर विशेष सफाई कराने का निर्णय लिया गया।

मस्जिदों और जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई

नगर निगम के अनुसार कांटाटोली, मौलाना आजाद कॉलोनी, इलाही बख्श कॉलोनी, गढ़ाटोली, रमजान कॉलोनी, कुरैशी मोहल्ला, रजा कॉलोनी, नया टोली, पथलकुदवा चौक, मोरहाबादी, एदलहातू, बरियातू, करमटोली, लालपुर, आजाद बस्ती, गुदड़ी चौक, कर्बला टैंक रोड और मेन रोड सहित अन्य संबंधित इलाकों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मस्जिदों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई के साथ ब्लीचिंग पाउडर तथा एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा। जुलूस वाले रास्तों पर जरूरत के अनुसार पानी के टैंकर और चलंत शौचालय उपलब्ध कराने की योजना है।

खराब स्ट्रीट लाइट भी होंगी दुरुस्त

बैठक में जुलूस मार्ग और आसपास के इलाकों में खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक करने का निर्देश दिया गया। निगम अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि पर्व के दौरान प्रमुख मार्गों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था रहे।

कचरा उठाव और नालियों की सफाई पर निगरानी

अपर नगर आयुक्त ने केवल मुख्य सड़कों तक सीमित न रहकर गली-मोहल्लों में भी नियमित सफाई कराने पर जोर दिया। सैनिटरी सुपरवाइजर और वार्ड कर्मियों को क्षेत्र में लगातार निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया है।

डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को भी नियमित रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी वार्डों में छोटी-बड़ी नालियों की विशेष सफाई कराने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा न होने देने पर जोर दिया गया।

नगर निगम का लक्ष्य है कि पर्व के दौरान शहर में स्वच्छता, प्रकाश और बुनियादी नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Read more

Local News