रांची: नगर निकाय कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को नगरीय प्रशासन निदेशालय के समक्ष एकदिवसीय धरना दिया। नगर निगम कर्मचारी संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए पेंशन में हुई कटौती वापस लेने, अनुकंपा नियुक्ति और नियुक्ति प्रक्रिया में नियमों का पालन करने समेत कई मांगें उठाईं।
20 प्रतिशत पेंशन कटौती वापस लेने की मांग
कर्मचारी संघ का आरोप है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में बिना पर्याप्त पूर्व सूचना के 20 प्रतिशत तक कटौती की गई है। कर्मचारियों ने इसे वापस लेने की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय तक नगर निकायों में सेवा देने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली पेंशन में कटौती से परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार से इस मामले में स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की।
अनुकंपा नियुक्ति का मुद्दा भी उठा
धरना के दौरान कर्मचारी संघ ने सेवा के दौरान किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके आश्रित को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने की मांग रखी। संघ अध्यक्ष नरेश राम के अनुसार, कई मामलों में मैट्रिक पास कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति नहीं मिल पा रही है, जबकि कुछ इंटर पास आश्रितों की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।
कर्मचारियों ने अनुकंपा नियुक्ति के मामलों में स्पष्ट नियम और समान प्रक्रिया अपनाने की मांग की।
नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सवाल
कर्मचारियों ने बताया कि नगर निगम में इंटर पास कर्मचारियों के 37 मामले हैं, जिनमें से 16 नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही है। संघ ने मांग की कि इन नियुक्तियों को निर्धारित नियमों और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत पूरा किया जाए।
इसके अलावा नगर निगमों में संविदा नियुक्तियों को लेकर भी कर्मचारियों ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि स्वीकृत पदों और नियुक्ति नियमों की स्थिति स्पष्ट किए बिना संविदा बहाली नहीं होनी चाहिए। संघ ने इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
पारिवारिक पेंशन में सुधार की मांग
कर्मचारियों ने पारिवारिक पेंशन की राशि को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि कुछ परिवारों को बेहद कम पेंशन मिल रही है, जिससे उनके सामने आर्थिक कठिनाइयां पैदा हो रही हैं। संघ ने पारिवारिक पेंशन व्यवस्था की समीक्षा कर जरूरत के अनुसार सुधार करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपकर मांगों पर कार्रवाई की अपील
धरना के बाद कर्मचारियों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और अपनी मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की। संघ ने नगर निकाय कर्मचारियों से जुड़े नियमों को स्पष्ट करने तथा कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग भी रखी।
धरना में संघ अध्यक्ष नरेश राम, उपाध्यक्ष राजू मुंडा, मंत्री शशिकांत कुमार, उपमंत्री मो. रब्बानी, कोषाध्यक्ष मुन्नी टोप्पो, सह-कोषाध्यक्ष सीमा कुमारी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
