Wednesday, August 19, 2026

रिम्स में डॉक्टरों की कमी दूर करने की कवायद तेज, दिसंबर तक अहम शिक्षकीय पद भरने का लक्ष्य.

Share

रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मानव संसाधन की कमी दूर करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने प्रक्रिया तेज करने का फैसला लिया है। विभाग ने वर्ष 2026 के अंत तक संस्थान के जरूरी शिक्षकीय पदों को भरने का लक्ष्य रखा है। इनमें प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद शामिल हैं।

बुधवार को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में रिम्स सेलेक्शन कमेटी की बैठक हुई। इसमें संस्थान में कार्यरत डॉक्टरों और कर्मचारियों की संख्या, रिक्त पदों तथा भविष्य की जरूरतों की समीक्षा की गई।

पदों और मानव संसाधन का होगा आकलन

अपर मुख्य सचिव ने रिम्स में स्वीकृत पदों और वर्तमान में कार्यरत चिकित्सकों व कर्मचारियों का विस्तृत आकलन करने का निर्देश दिया। विभागों की वास्तविक जरूरत के आधार पर पदों की संख्या तय करने और मानव संसाधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में शिक्षकीय पदों के अलावा एएनएम, जीएनएम और अन्य कर्मचारियों से जुड़े पदों पर भी चर्चा हुई। पदोन्नति की प्रक्रिया को पारदर्शी और स्पष्ट बनाने के लिए आवश्यक नियम तैयार करने का निर्देश दिया गया।

साल के अंत तक नियुक्ति पूरी करने पर जोर

अजय कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को शिक्षकीय पदों पर भर्ती और नियुक्ति की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा। उद्देश्य यह है कि वर्ष समाप्त होने से पहले रिम्स में मरीजों की देखभाल और मेडिकल शिक्षा से जुड़े जरूरी पदों पर पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध हो सके।

रिम्स में HMIS का 100 फीसदी इस्तेमाल

बैठक में अस्पताल की डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए HMIS को सभी विभागों में पूरी तरह लागू करने का निर्देश भी दिया गया। विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभाग में HMIS के शत-प्रतिशत इस्तेमाल की जिम्मेदारी दी गई है।

HMIS के व्यापक उपयोग से मरीजों से संबंधित रिकॉर्ड और अस्पताल की आंतरिक प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित एवं डिजिटल बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

बैठक में अपर सचिव शशि प्रकाश, रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिंह, सहायक निदेशक बाघमारे प्रसाद कृष्ण, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. पी. भट्टाचार्य, डॉ. हिरेंद्र बिरूवा समेत विभाग और रिम्स के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Read more

Local News