बोकारो: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों में तैनात सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का भौतिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बोकारो क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के आवासों पर तैनात गार्डों की व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद जवानों की सतर्कता और जिम्मेदारियों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीएसपी ने जवानों से कहा कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सतर्कता के साथ करें। उन्होंने सुरक्षा ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया।
राजीव रंजन ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया। सुरक्षा संबंधी आवश्यक बिंदुओं की समीक्षा कर मौके पर तैनात कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए गए।
