Wednesday, August 12, 2026

केंदुआडीह इलाके में भू-धंसान और गैस रिसाव से प्रभावित धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को दोबारा चालू कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

Share

Dhanbad News: केंदुआडीह इलाके में भू-धंसान और गैस रिसाव से प्रभावित धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को दोबारा चालू कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सड़क की स्थिति और मरम्मत कार्यों की समीक्षा के लिए उपायुक्त आदित्य रंजन ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक की।

खुदाई और तकनीकी जांच में तेजी के निर्देश

समाहरणालय में हुई बैठक में पथ निर्माण विभाग, बिजली विभाग और बीसीसीएल के अधिकारियों ने अब तक किए गए कार्यों की जानकारी उपायुक्त को दी। बीसीसीएल की ओर से जेसीबी मशीनों के जरिए की जा रही खुदाई की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

डीसी ने संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को खुदाई के साथ सुरक्षा संबंधी कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी स्थिति का आकलन जल्द पूरा किया जाए, ताकि सड़क को सुरक्षित तरीके से बहाल करने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सके।

उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जरूरी कार्य जल्द पूरे किए जाएं और जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग को यथाशीघ्र आवागमन के लिए खोलने का प्रयास किया जाए।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि खुदाई वाले हिस्से से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। तकनीकी और सुरक्षा संबंधी काम चलने के दौरान मौके पर अनावश्यक रूप से पहुंचना जोखिमपूर्ण हो सकता है।

बैठक में पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता शिवेंद्र कुमार, बीसीसीएल के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

Read more

Local News