Ranchi News: रांची में अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की 209वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव अध्ययन केंद्र के आयोजन में हटिया स्थित शहादत स्मारक स्तंभ और बड़कागढ़ जगन्नाथपुर स्थित ठाकुर निवास में कार्यक्रम हुए। उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
शहीद परिवार को सुविधाएं देने की मांग
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के परिवार को सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सरकारी नौकरी का लाभ मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर एचईसी का कारखाना स्थापित हुआ, वह शहीद से जुड़ी भूमि थी और उनका परिवार विस्थापन का सामना करने वाले शुरुआती परिवारों में रहा है। उन्होंने एचईसी प्रबंधन से विस्थापित परिवारों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने तथा शेष भूमि को उनके वंशजों को वापस करने की मांग रखी।
स्मारक के विकास और पाठ्यक्रम में जीवनी शामिल करने की मांग
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने हटिया स्थित शहादत स्मारक स्तंभ के सौंदर्यीकरण की जरूरत बताई। इसके साथ ही वर्ष 2004 में गठित ‘झारखंड सेनानी कोष’ के पुनर्गठन तथा स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े शहीदों की जीवनगाथा को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग भी उठाई गई।
अध्ययन केंद्र के सदस्यों ने तय किया कि इन मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेगा। कार्यक्रम में जगन्नाथपुर, हटिया, धुर्वा, तुपुदाना सहित आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने भाग लिया और शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के योगदान को याद किया।
