Ranchi: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में भाजपा और NDA से जुड़े सांसदों ने बुधवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन संसद भवन के मकर द्वार के पास आयोजित किया गया। इसका नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने किया।
प्रदर्शन में झारखंड के अलावा ओडिशा के कुछ सांसद भी शामिल हुए। इस दौरान सांसदों ने छात्रों की मांगों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।
भर्ती परीक्षाओं की जांच की मांग
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई। उन्होंने दावा किया कि कई मौकों पर प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज हुआ और आंदोलन में शामिल छात्राओं तथा मीडिया कर्मियों के साथ भी कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया।
उन्होंने कहा कि छात्रों की प्रमुख मांग पिछले वर्षों में हुई भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच से जुड़ी है। उनके मुताबिक JPSC, JSSC, CGL और उत्पाद सिपाही समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI से जांच कराने की मांग की जा रही है।
राहुल गांधी से हस्तक्षेप की मांग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने आंदोलनरत छात्रों से फोन पर बातचीत की है, लेकिन राज्य सरकार पर उनकी मांगों को लेकर पर्याप्त दबाव नहीं बनाया गया।
साहू ने मांग की कि कांग्रेस छात्रों की मांगों को लेकर राज्य सरकार से स्पष्ट रुख अपनाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो भाजपा इस मुद्दे को सड़क से संसद तक उठाती रहेगी।
आंदोलन स्थल पर पुलिस पहुंचने का मुद्दा उठाया
संसद परिसर में प्रदर्शन के दौरान जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन का भी मुद्दा उठाया गया। आदित्य साहू ने दावा किया कि रात के समय जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल आंदोलन स्थल पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों का समाधान बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों के खिलाफ किसी भी तरह की ज्यादती स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन में सांसद निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, बीडी राम, प्रदीप वर्मा, चंद्रप्रकाश चौधरी, मनीष जायसवाल और कालीचरण सिंह समेत अन्य सांसद मौजूद रहे।
