Gumla News: गुमला के उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) मद से संचालित और प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, महिला एवं बाल विकास तथा जनसुरक्षा से संबंधित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने पर चर्चा
बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिले में एंबुलेंस सुविधा को मजबूत करने और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ चिकित्सक के लिए अतिरिक्त मानदेय देने के प्रस्ताव पर भी विचार हुआ।
महिलाओं और किशोरियों से जुड़े विषयों पर चर्चा के दौरान किशोरियों के लिए सेनेटरी पैड निर्माण केंद्र को ‘किशोरी’ परियोजना के तहत संचालित करने की योजना पर विचार किया गया।
युवाओं के लिए करियर और कौशल विकास कार्यक्रम
बैठक में युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के लिए करियर काउंसलिंग और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम संचालित करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों से कहा गया कि ऐसी योजनाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके।
शिक्षा क्षेत्र की योजनाओं पर भी फोकस
DMFT मद से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ई-लर्निंग सुविधाओं, कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कोचिंग तथा हाइब्रिड कोर्स शुरू करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
इसके अलावा पुस्तकालयों में प्रोजेक्टर की सुविधा उपलब्ध कराने और मूक-बधिर विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण से जुड़े प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई।
जरूरतमंदों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि DMFT मद से योजनाओं का चयन करते समय जनहित, स्थानीय जरूरत और सरकार के निर्धारित दिशा-निर्देशों का ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य प्रभावित क्षेत्रों और जरूरतमंद लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की स्थिति और प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। उपायुक्त ने सभी योजनाओं की नियमित निगरानी करने और काम में अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश दिए।
