Tuesday, August 11, 2026

झारखंड में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट.

Share

रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय रहने वाला है। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार 12 से 15 अगस्त के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

मंगलवार शाम राजधानी रांची में अचानक मौसम बदला। करीब पांच बजे के आसपास आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर बाद तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी राज्य के कई इलाकों में इसी तरह का मौसम देखने को मिल सकता है।

12 अगस्त को इन इलाकों में बारिश और तेज हवा

12 अगस्त को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है।

13 अगस्त को चार जिलों में भारी बारिश का अनुमान

13 अगस्त को बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। राज्य के अन्य जिलों में भी गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

14 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश

14 अगस्त को मौसम की गतिविधियां और तेज होने का अनुमान है। रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली और तेज हवा को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

15 अगस्त को भी बारिश से पूरी राहत नहीं

15 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गुमला, रांची, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़ और हजारीबाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कई अन्य क्षेत्रों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।

झारखंड में अब तक सामान्य से 22 फीसदी कम बारिश

मानसून सीजन में झारखंड में अब तक बारिश सामान्य से कम हुई है। 1 जून से 11 अगस्त 2026 के बीच राज्य में करीब 483.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 616.5 मिलीमीटर है। यानी राज्य में करीब 133 मिलीमीटर कम बारिश हुई है, जो सामान्य से लगभग 22 फीसदी कम है।

पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से ज्यादा बारिश

बारिश के मामले में पश्चिमी सिंहभूम की स्थिति फिलहाल राज्य के अन्य जिलों से बेहतर है। यहां अब तक करीब 739 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 609.1 मिलीमीटर है। इस तरह जिले में सामान्य से करीब 21 फीसदी अधिक बारिश हुई है।

आठ जिलों में बारिश सामान्य श्रेणी में

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के 24 जिलों में से आठ जिलों में बारिश सामान्य श्रेणी में रही है। इनमें धनबाद, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, रांची, साहिबगंज, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा शामिल हैं।

हालांकि कई जिलों में बारिश की कमी अब भी बनी हुई है। पलामू में सामान्य से 43 फीसदी, कोडरमा में 44 फीसदी, हजारीबाग और बोकारो में 35-35 फीसदी, लातेहार और रामगढ़ में 30-30 फीसदी, लोहरदगा में 28 फीसदी, जामताड़ा में 26 फीसदी और गुमला में 29 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अगले चार दिनों के पूर्वानुमान से राज्य में बारिश की कमी कुछ हद तक दूर होने की उम्मीद है। हालांकि भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

Read more

Local News