Saturday, August 8, 2026

Gumla News: गुमला के प्रखंडों में लगेगा DL टेस्ट कैंप, जानें किस दिन कहां होगा ड्राइविंग टेस्ट.

Share

गुमला: ग्रामीण इलाकों के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में सुविधा देने के लिए जिला परिवहन विभाग प्रखंड स्तर पर स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट कैंप आयोजित करेगा। जिला परिवहन पदाधिकारी ने इसके लिए अलग-अलग प्रखंडों का रोस्टर जारी कर दिया है।

इन शिविरों में उन आवेदकों का ड्राइविंग टेस्ट लिया जाएगा, जिनके लर्नर लाइसेंस (LL) जारी हुए कम से कम 30 दिन पूरे हो चुके हैं। इससे पहले परिवहन विभाग की ओर से पंचायत स्तर पर लर्नर लाइसेंस के लिए विशेष कैंप लगाए गए थे।

किस प्रखंड में कब लगेगा DL टेस्ट कैंप?

जारी कार्यक्रम के अनुसार 11 अगस्त को रायडीह प्रखंड मुख्यालय परिसर में सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक कैंप लगेगा। इसी दिन गुमला के बस डिपो, दुन्दुरिया में दोपहर 2 से 3 बजे तक ड्राइविंग टेस्ट होगा।

19 अगस्त को डुमरी प्रखंड मुख्यालय परिसर में सुबह 10:30 से 11:30 बजे और चैनपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में दोपहर 2:30 से 3:30 बजे तक टेस्ट लिया जाएगा।

22 अगस्त को घाघरा में सुबह 10:30 से 11:30 बजे और विशुनपुर में दोपहर 2:30 से 3:30 बजे तक संबंधित प्रखंड मुख्यालय में शिविर आयोजित होगा।

27 अगस्त को सिसई में सुबह 10:30 से 11:30 बजे और भरनो में दोपहर 2:30 से 3:30 बजे तक कैंप लगेगा।

29 अगस्त को पालकोट में सुबह 10 से 11 बजे, बसिया में दोपहर 12:30 से 1:30 बजे और कामडारा में दोपहर 2:30 से 3:30 बजे तक ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा।

इसके बाद 1 सितंबर 2026 को जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रखंड मुख्यालय परिसर में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक अंतिम कैंप आयोजित किया जाएगा।

ऑनलाइन स्लॉट बुक करना जरूरी

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ड्राइविंग टेस्ट में शामिल होने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग अनिवार्य है। जिन आवेदकों के लर्नर लाइसेंस को 30 दिन पूरे हो चुके हैं, वे सारथी परिवहन पोर्टल पर जाकर अपने संबंधित प्रखंड कैंप के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं। निर्धारित सरकारी शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन करना होगा।

बिना ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग के किसी आवेदक का ड्राइविंग टेस्ट नहीं लिया जाएगा।

टेस्ट के दिन ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी

आवेदकों को कैंप में पहुंचते समय कुछ जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखने होंगे। इनमें:

  • मूल लर्नर लाइसेंस
  • ऑनलाइन आवेदन की पावती
  • स्लॉट बुकिंग की रसीद
  • शुल्क भुगतान की रसीद
  • दो पासपोर्ट साइज फोटो

इसके अलावा जिस वाहन से ड्राइविंग टेस्ट दिया जाएगा, उसका आरसी (RC) और इंश्योरेंस पेपर भी साथ लाना अनिवार्य है।

परिवहन विभाग ने योग्य आवेदकों से निर्धारित तारीख और समय पर संबंधित प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर टेस्ट प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है।

Read more

Local News