रामगढ़: जिले के शिक्षित और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। झारखंड सरकार के सहयोग से रामगढ़ में 10 अगस्त को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम छावनी परिषद फुटबॉल मैदान में सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
रोजगार मेला जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, रामगढ़ की ओर से दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार योजना के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
19 कंपनियां लेंगी हिस्सा
आयोजकों के अनुसार रोजगार मेले में करीब 19 निजी कंपनियां और संस्थान शामिल होंगे। इनमें पैरालैक्स होंडा, जेआईएस फाउंडेशन, निसिथ मेगा स्किल सेंटर, सिटी स्टाइल, फ्लिपकार्ट, जेपी हुंडई, एलआईसी ऑफ इंडिया और वी-मार्ट समेत कई स्थानीय संस्थान शामिल हैं।
इसके अलावा एथर एनर्जी (तमिलनाडु), ब्लिंकिट, प्रेमसंस बजाज, एनटीटीएफ (चेन्नई) और राजराय सिक्योरिटी (पटना) जैसे बाहरी नियोजक भी उम्मीदवारों को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराएंगे।
कई योग्यता वाले उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन
रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए पद उपलब्ध होंगे। 5वीं और 10वीं पास से लेकर स्नातक, बीटेक, एमबीए, GNM/BSc, ITI और डिप्लोमा धारक उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी के लिए प्रयास कर सकेंगे।
उपलब्ध पदों में तकनीशियन, फील्ड एग्जीक्यूटिव, आईटी ट्रेनर, डिलीवरी एजेंट, सुरक्षा गार्ड, सेल्स कंसलटेंट, डेटा ऑपरेटर, टेलरिंग और नर्सिंग ट्रेनर सहित अन्य पद शामिल हैं।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए जरूरी शर्त
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का झारखंड के किसी भी नियोजनालय में पहले से पंजीकृत होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को आयोजन स्थल पर अपना बायोडाटा, नियोजनालय पंजीकरण कार्ड और शैक्षणिक एवं अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों की छायाप्रति लेकर पहुंचना होगा।
अभ्यर्थियों को खास तौर पर सलाह दी गई है कि वे अपना नियोजनालय पंजीकरण पहले ही करा लें। 10 अगस्त को रोजगार मेले के स्थल या स्थानीय नियोजनालय में नया पंजीकरण नहीं किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया कंपनियां करेंगी
जिला नियोजन पदाधिकारी रामगढ़ धनंजय कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में जिला नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित रहेगी। उम्मीदवारों का अंतिम चयन संबंधित कंपनियां अपने निर्धारित इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया के आधार पर करेंगी।
उन्होंने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।
