रांची: झारखंड आदिवासी महोत्सव और 9 अगस्त को प्रस्तावित जतरा कार्यक्रम को लेकर राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कुछ प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है।
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक इन मार्गों पर रोक
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ और एसएसपी आवास मोड़ से मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस अवधि में इन रास्तों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
मोरहाबादी में यहां होगी पार्किंग
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की तरफ से आने वाले वाहन कांके रिंग रोड, चांदनी चौक और राम मंदिर मार्ग से होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंच सकेंगे।
वहीं धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए न्यू मार्केट चौक, होटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, रेडियम चौक, एसएसपी आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक, एटीआई मोड़, होटलिप्स चौक और सिद्धू-कान्हू मोड़ होते हुए रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान जाने का रूट निर्धारित किया गया है।
दूसरे इलाकों से आने वालों के लिए भी पार्किंग व्यवस्था
बोड़यो रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए TRI मैदान (मंदिर मैदान) में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इसी तरह टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, RIMS और बरियातू की ओर से आने वाले वाहन DIG मैदान, बरियातू में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।
जरूरत के अनुसार बदले जा सकते हैं रूट
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी बदलाव किया जा सकता है। कुछ सड़कों पर थोड़े समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोकी या डायवर्ट की जा सकती है।
चारपहिया वाहनों से इन इलाकों में जाने से बचने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने रांचीवासियों से विशेष रूप से जेल चौक, करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक और मोरहाबादी क्षेत्र में 9 अगस्त को चारपहिया वाहन लेकर जाने से बचने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, जरूरी होने पर ही इन क्षेत्रों में चारपहिया वाहन से जाएं और कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की है।
