रांची: JPSC और JSSC परीक्षाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शनिवार को रांची के मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक हुई। इस दौरान ACS एवं आदिवासी छात्र प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रियों के सामने अभ्यर्थियों से जुड़ी समस्याएं और अपनी मांगें रखीं।
बैठक में छात्रों से संबंधित कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष रखते हुए समाधान की दिशा में ठोस पहल की मांग की।
मंत्रियों ने सुनी छात्रों की बातें
बैठक में शामिल मंत्रियों ने छात्र प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना। सरकार की ओर से छात्रों की मांगों और सुझावों पर आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया गया। बातचीत के दौरान छात्र हित से जुड़े मामलों के समाधान और आगे की कार्रवाई को लेकर सकारात्मक माहौल में चर्चा हुई।
बैठक में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सुदिव्य कुमार सोनू और चमरा लिंडा समेत अन्य मंत्री एवं छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।
छात्र प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर सरकार आगे ठोस कार्रवाई करेगी और JPSC-JSSC से जुड़े अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
