Thursday, August 6, 2026

हजारीबाग में डीएमएफटी योजनाओं की समीक्षा, अधूरे कार्य जल्द पूरा करने पर डीसी ने दिया जोर.

Share

हजारीबाग: जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के तहत संचालित विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर उपायुक्त हेमंत सती ने समीक्षा बैठक की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में स्वीकृत परियोजनाओं की स्थिति का आकलन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की सभी अधूरी योजनाओं को 15 अगस्त तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश कार्यान्वयन एजेंसियों को दिया। साथ ही वर्ष 2026-27 की स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन एजेंसियों के कार्यों में अपेक्षित प्रगति या गंभीरता नहीं दिखाई देगी, उनके जिम्मे सौंपे गए कार्य वापस लेकर अन्य सक्षम एजेंसियों को दिए जा सकते हैं। उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि डीएमएफटी के तहत चल रही सभी लंबित परियोजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाए, ताकि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई संवेदक कार्य निष्पादन में लापरवाही बरतता है या निर्धारित मानकों का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, आईएएस अधिकारी पूर्वा अग्रवाल, जिला खनन पदाधिकारी अजीत कुमार, जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Read more

Local News