धनबाद: किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले फसल नुकसान से राहत देने के उद्देश्य से जिले में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2026) के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। गुरुवार को जिला समाहरणालय परिसर से उपायुक्त आदित्य रंजन ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जिले के सभी पात्र किसानों तक फसल बीमा योजना का लाभ पहुंचाना है। इसमें ऋणी और गैर-ऋणी दोनों तरह के किसान शामिल हैं। जागरूकता रथ पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर किसानों को योजना की जानकारी देगा और उन्हें आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक करेगा।
योजना के तहत किसानों को सिर्फ एक रुपये के टोकन शुल्क पर फसल बीमा का लाभ दिया जा रहा है। धनबाद जिले में अगहनी धान की फसल के लिए 76,228 रुपये प्रति हेक्टेयर और भदई मकई के लिए 53,467 रुपये प्रति हेक्टेयर की बीमित राशि निर्धारित की गई है।
फसल बीमा के लिए किसानों को बैंक पासबुक की छायाप्रति, जमीन से संबंधित दस्तावेज या वंशावली, बटाईदार किसानों के लिए बटाई प्रमाण पत्र, फसल बुवाई का स्व-प्रमाणित प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर जैसे दस्तावेज जमा करने होंगे।
किसान अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र (CSC), राष्ट्रीयकृत बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, जिला सहकारी बैंक शाखा या ऑनलाइन माध्यम से पीएमएफबीवाई पोर्टल और क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के जरिए भी योजना में पंजीकरण करा सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि प्राकृतिक आपदा, खराब मौसम या फसल कटाई के बाद नुकसान की स्थिति में किसान 72 घंटे के अंदर टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देकर मुआवजे के लिए दावा कर सकते हैं।
उन्होंने कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराया जाए, ताकि जरूरत के समय उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी वेद प्रकाश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
