जमशेदपुर: दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी घूमने आने वाले पर्यटकों को अब जंगल और प्रकृति के बीच ठहरने की बेहतर सुविधा मिलेगी। मकुलाकोचा में तैयार किए गए नए इको रेस्ट हाउस का रविवार को राज्य के नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने उद्घाटन किया। इसके साथ ही यह पर्यटकों के लिए उपलब्ध हो गया है।
उद्घाटन कार्यक्रम में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, वन विभाग और पर्यटन विभाग के अधिकारी समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यटकों के लिए बुकिंग व्यवस्था जल्द शुरू की जाए। उन्होंने बताया कि दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी और जेटीडीसी के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए पर्यटक कमरों की बुकिंग कर सकेंगे। इस इको रेस्ट हाउस में ठहरने का शुल्क 3500 रुपये प्रति रात रखा गया है, जिसमें नाश्ते की सुविधा भी शामिल होगी।
राज्य सरकार दलमा क्षेत्र में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए करीब 11 करोड़ रुपये की योजना पर काम कर रही है। इसी के तहत मकुलाकोचा और पिंडराबेड़ा में 15-15 कमरों वाले आधुनिक इको रेस्ट हाउस विकसित किए जा रहे हैं। पिंडराबेड़ा में बन रहा हैंगिंग इको रेस्ट हाउस भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
मकुलाकोचा स्थित यह नया रेस्ट हाउस जंगल, हरियाली और शांत प्राकृतिक माहौल के बीच पर्यटकों को ठहरने का अलग अनुभव देगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे दलमा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार व आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने हिस्सा लिया। समारोह के समापन पर मंत्री और अन्य अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
