सरायकेला: गुमशुदा और लापता व्यक्तियों की खोज के लिए चलाए जा रहे ‘प्रोजेक्ट मिलाप’ अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस को जुलाई माह में उल्लेखनीय सफलता मिली है। पुलिस ने अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से 25 लापता व्यक्तियों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले किया।
जिला पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों ने गुमशुदगी के मामलों को प्राथमिकता देते हुए विशेष अभियान चलाया। खोज अभियान के दौरान तकनीकी संसाधनों के साथ-साथ मैदानी स्तर पर लगातार कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप सभी 25 लोगों को सकुशल बरामद किया जा सका।
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और फील्ड इनपुट का प्रभावी उपयोग किया गया। इन प्रयासों के माध्यम से लापता व्यक्तियों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों से मिलाया गया।
जिला पुलिस का कहना है कि प्रोजेक्ट मिलाप के तहत गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य लापता लोगों का शीघ्र पता लगाना, उन्हें सुरक्षित वापस लाना और गुमशुदगी से जुड़े मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करना है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी मिले तो बिना देरी किए इसकी सूचना नजदीकी थाना या आपातकालीन सेवा डायल 112 पर दें। पुलिस के अनुसार, समय पर सूचना मिलने से खोज अभियान तेजी से शुरू किया जा सकता है और व्यक्ति को सुरक्षित ढूंढने की संभावना बढ़ जाती है।
