Sunday, August 2, 2026

पीएम मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का किया शुभारंभ, युवाओं से की सक्रिय भागीदारी की अपील.

Share

पीएम मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का किया शुभारंभ, युवाओं से की सक्रिय भागीदारी की अपील

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से नशा-मुक्त भारत के निर्माण के लिए आगे आने और जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। साथ ही देशभर के लगभग 28 हजार स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवाओं ने ऑनलाइन माध्यम से इस अभियान में भागीदारी की।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे की लत युवाओं के भविष्य और देश के विकास के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने ड्रग्स की तस्करी को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान इस अवैध कारोबार को आतंकवाद से जुड़े एजेंडे के रूप में इस्तेमाल करता रहा है। उन्होंने युवाओं से ऐसे किसी भी प्रलोभन से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।

सरकार के अनुसार, यह अभियान ‘विकसित भारत 2047’ के विजन से जुड़ा है और इसका उद्देश्य युवाओं की भागीदारी के माध्यम से नशा-मुक्त तथा स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।

अभियान के तहत अगले 100 रविवार तक लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, वॉकथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरूकता अभियान जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। इन आयोजनों के जरिए युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा, ताकि देशभर में एक सकारात्मक सामाजिक आंदोलन को बढ़ावा मिल सके।

Read more

Local News