अमरावती: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश दौरे के दौरान 18,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विजयनगरम जिले में लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से विकसित अत्याधुनिक भोगापुरम एयरपोर्ट (अल्लूरी सीताराम राजू एयरपोर्ट) का भी उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने रोड शो में हिस्सा लिया और जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की बुनियादी ढांचा विकास से जुड़ी पहलों पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन में उन्होंने हवाई अड्डों के नामकरण को लेकर पूर्व की परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव किया है।
प्रधानमंत्री ने समुद्री अर्थव्यवस्था को देश के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए ब्लू इकोनॉमी को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तटीय राज्यों की आर्थिक क्षमता को बढ़ाने के लिए कोस्टल इकोनॉमिक कॉरिडोर के विकास, नए बंदरगाहों के निर्माण और समुद्री अवसंरचना के विस्तार पर सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से आंध्र प्रदेश में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
आंध्र प्रदेश के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री का कर्नाटक दौरा भी निर्धारित है, जहां वे मैसूरु में प्रस्तावित विवेक स्मारक के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
