Friday, July 31, 2026

झारखंड में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान से अनमैप्ड मतदाताओं की संख्या में बड़ी कमी.

Share

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान अनमैप्ड मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, अभियान के विभिन्न चरणों में किए गए सत्यापन और मैपिंग कार्य के बाद अब ऐसे मतदाताओं की संख्या काफी कम हो गई है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रविकुमार ने जानकारी दी कि 23 मई को सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित प्रारंभिक सूची में 70,62,319 मतदाता अनमैप्ड श्रेणी में थे। इसके बाद विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप 29 जुलाई तक यह संख्या घटकर 47,42,505 रह गई।

इसके बाद बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) तथा स्वयंसेवकों की मदद से व्यापक स्तर पर मैपिंग अभियान संचालित किया गया। इस प्रक्रिया के बाद अनमैप्ड मतदाताओं की संख्या और घटकर 14,02,262 रह गई है।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग ने पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की मतदाता सूची को आधार दस्तावेज माना है। जिन मतदाताओं का विवरण पूर्व सूची से सफलतापूर्वक मिलान हो गया है और जिनके रिकॉर्ड में कोई तार्किक या तथ्यात्मक विसंगति नहीं पाई गई है, उनके नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची के बाद अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम सही तरीके से सूची में दर्ज हो सके।

Read more

Local News