Friday, July 31, 2026

भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, सुधार नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी.

Share

रांची: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में गुरुवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और छात्र संगठन एक बार फिर सड़कों पर उतरे। राजधानी रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने भर्ती प्रणाली को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे विवाद, पेपर लीक की घटनाएं और नियुक्तियों में हो रही देरी से हजारों-लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से भर्ती व्यवस्था में व्यापक सुधार लागू करने की अपील की।

छात्रों ने रखीं कई प्रमुख मांगें

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने हर वर्ष निश्चित परीक्षा कैलेंडर जारी करने, समय पर परीक्षा एवं नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने, पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा उत्तर कुंजी और मेरिट सूची सार्वजनिक करने, डिजिटल सुरक्षा प्रणाली लागू करने, स्वतंत्र ऑडिट कराने तथा प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र स्थापित करने की भी मांग उठाई गई।

प्रदर्शन में कई छात्र प्रतिनिधि और अभ्यर्थी शामिल हुए, जिन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कुछ भर्ती प्रक्रियाओं पर भी उठे सवाल

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा, JPSC बैकलॉग भर्ती और JSSC CGL भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी आपत्तियां जताईं। उनका कहना था कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया, तो राज्यव्यापी आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

सत्याग्रह आंदोलन जारी

इधर, JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच के नेतृत्व में भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर जयपाल सिंह स्टेडियम में सत्याग्रह आंदोलन भी जारी रहा। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा से जुड़े विवादों की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और आवश्यक निर्णय होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही, 6 अगस्त को झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधानसभा घेराव करने की घोषणा भी की गई।

आजसू ने निकाला लोकभवन मार्च

छात्र हितों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आजसू पार्टी ने भी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लोकभवन तक मार्च निकाला। इससे पहले पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रतियोगी परीक्षाओं, नियुक्तियों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। पार्टी नेताओं का कहना था कि युवाओं को लंबे समय से भर्ती प्रक्रियाओं में अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है, जिसके समाधान के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

Read more

Local News