आय से अधिक संपत्ति (डीए) मामले में निगरानी ब्यूरो की विशेष टीम ने औरंगाबाद स्थित सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज के लिपिक मनोज कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की। लिपिक के कॉलेज स्थित कार्यालय के अलावा औरंगाबाद के आवास में छापेमारी की गई। गुरुवार की शाम को शुरू हुई छापेमारी की यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही। औरंगाबाद नगर थाना के वार्ड-31 में गंगटी ग्राम में मौजूद उनके घर की तलाशी के दौरान 7 लाख 36 हजार रुपये के सोने और 65 हजार 350 रुपये के चांदी की ज्वेलरी बरामद की गई है
इसके अलावा बीमा में 9 लाख रुपये के निवेश, 9 एलआईसी की पॉलिसी और तीन अन्य वित्तीय संस्थानों में निवेश और 4 स्थानों पर जमीन के कागजात बरामद किए गए हैं। तलाशी के दौरान 13 बैंक खाते भी मिले हैं, जिनमें किए गए सभी तरह के लेनदेन से जुड़े मामले की जांच की जा रही है। इस बात की भी पड़ताल चल रही है कि इन सभी बैंक खातों में अभी कितनी राशि जमा है।



