रांचीः मणिपुर के खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14 से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता (एसजीएफआई) में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के नेतृत्व में भाग लेने गई तीरंदाजी और वुशु टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई.
इस प्रतियोगिता के तीसरे दिन तीरंदाजी के इंडियन इंडिविजुअल (ओलंपिक) राउंड 40 मीटर अंडर-19 बालिका वर्ग में झारखंड की प्रिया माहाली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता. इस जीत के साथ प्रिया ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव भी हासिल किया. खास बात यह रही कि प्रिया ने इस प्रतियोगिता में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड के पदक खाते में बड़ी उपलब्धि जोड़ी. उनके सटीक निशाने, धैर्य और तकनीकी कौशल की सराहना की जा रही है.

वहीं, खुमान लम्पक स्पोर्ट्स इनडोर स्टेडियम में आयोजित वुशु अंडर-19 बालक वर्ग प्रतियोगिता में भी झारखंड के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया. अंडर-52 किलोग्राम भार वर्ग में ध्रुव द्विवेदी, अंडर-60 किलोग्राम में देव कुमार बेड़िया, अंडर-75 किलोग्राम में राज कुमार और अंडर-80 किलोग्राम भार वर्ग में सुप्रित ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर कांस्य पदक सुनिश्चित किए.
इस सफलता में कोच और मैनेजर रोहित कुमार, गंगाधर, ललिता लुगुन, प्रवीण बजराई और एचओडी सुशील कच्छप की अहम भूमिका रही. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन सहित शिक्षा विभाग और खेल कोषांग के अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.


