Tuesday, February 10, 2026

69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग अंडर-19 प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने दमदार प्रदर्शन किया.

Share

रांचीः बेंगलुरू के जलाहल्ली स्थित संत क्लेरेट पीयू कॉलेज में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग (एसजीएफआई) अंडर-19 प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन किया है. कड़े मुकाबलों और मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के बीच झारखंड की मुक्केबाजों ने दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और जुझारूपन का प्रभावी प्रदर्शन किया.

यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 4 से 9 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें देशभर से प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हुए. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में तथा स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत राज्य की टीम ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. खास बात यह रही कि झारखंड की अधिकांश खिलाड़ी ग्रामीण और आदिवासी पृष्ठभूमि से आती हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई.

इस प्रतियोगिता में 45 किलोग्राम भार वर्ग में जेसिका खेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और महाराष्ट्र की खिलाड़ी से मुकाबले में पराजित होकर रजत पदक अपने नाम किया. वहीं 54 किलोग्राम भार वर्ग में अमीषा केरकेट्टा ने दिल्ली की मुक्केबाज के खिलाफ कड़े मुकाबले में फाइनल खेलते हुए रजत पदक हासिल किया. इसके अलावा 57 किलोग्राम भार वर्ग में नीता रोज तिग्गा ने सेमीफाइनल तक पहुंचकर हरियाणा की खिलाड़ी से हार के बाद कांस्य पदक जीतकर झारखंड के पदक खाते को और मजबूत किया.

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि झारखंड की बेटियां आज खेल के हर मंच पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी. झारखंड बॉक्सिंग टीम ने कोच अनुपम तिवारी, परवीन यादव, बीबी मोहती तथा टीम मैनेजर अनु कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया. टीम की इस सफलता में कोचिंग स्टाफ और प्रबंधन की भूमिका को भी अत्यंत सराहनीय बताया गया.

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

Read more

Local News