Thursday, March 26, 2026

69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की लड़कियों का दबदबा कायम है.

Share

रांचीः झारखंड की बालिका फुटबॉल टीम ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर राज्य का मान बढ़ाया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की मेजबानी में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रोमांच चरम पर पहुंच गया है.

इस प्रतियोगिता के चौथे दिन बीआईटी मेसरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स फुटबॉल मैदान, नवोदय विद्यालय फुटबॉल मैदान, कांके फुटबॉल मैदान और खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान में लगातार संघर्षपूर्ण और उत्साह से भरपूर मुकाबले खेले गए. देश के 39 राज्यों और इकाइयों से आई बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों ने खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया.

Jharkhand team reached semi finals of Under 14 category of 69th National School Girls Football Championship

अंडर-14 बालिका वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में हरियाणा ने चंडीगढ़ को 3-0 से, केरल ने पंजाब को 4-1 से, मणिपुर ने उत्तर प्रदेश को 9-0 से, तमिलनाडु ने आईबीएसओ को 4-1 से, बिहार ने उत्तराखंड को 13-0 से, पश्चिम बंगाल ने छत्तीसगढ़ को 3-0 से तथा महाराष्ट्र ने राजस्थान को 2-0 से पराजित किया. वहीं अंतिम प्री-क्वार्टर मुकाबले में झारखंड ने गुजरात को 7-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.

क्वार्टर फाइनल में झारखंड की टीम ने पश्चिम बंगाल के खिलाफ कड़ा मुकाबला खेलते हुए पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में हरियाणा ने मणिपुर को पेनाल्टी शूटआउट में 2-0 से, केरल ने तमिलनाडु को 2-0 से और बिहार ने महाराष्ट्र को 4-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की.

Jharkhand team reached semi finals of Under 14 category of 69th National School Girls Football Championship

अंडर-17 बालिका वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में भी जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. झारखंड ने ओडिशा को 5-0 से, हरियाणा ने नागालैंड को 4-0 से और महाराष्ट्र ने आंध्र प्रदेश को 3-0 से हराया. मिजोरम को केरल के खिलाफ वॉकओवर मिला. इसके अलावा केवीएस ने चंडीगढ़ को 1-0 से, तमिलनाडु ने पंजाब को 3-2 से तथा गुजरात ने राजस्थान को 1-0 से पराजित किया. अंतिम प्री-क्वार्टर मुकाबले में मणिपुर ने मेघालय को 5-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया.

Jharkhand team reached semi finals of Under 14 category of 69th National School Girls Football Championship

इस प्रतियोगिता के अंतर्गत सोमवार को दोनों आयु वर्गों के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे. जहां झारखंड सहित देश की शीर्ष टीमों के बीच रोमांचक और उच्च स्तरीय फुटबॉल देखने को मिलेगा.

Read more

Local News