Sunday, March 22, 2026

69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता का सफल समापन शनिवार को हो गया.

Share

Ranchi : 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता का सफल समापन शनिवार को हो गया. यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, RANCHI  की मेजबानी में 6 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक खेलगांव, रांची स्थित टिकैत उमराव शूटिंग स्टेडियम (रेंज–3) में आयोजित की गई.

प्रतियोगिता में अंडर–17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें देश के 33 राज्यों एवं इकाइयों से आए प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों के बीच अपने-अपने राज्यों के लिए पदक अर्जित किए.

पदक तालिका के अनुसार महाराष्ट्र ने 5 स्वर्ण, 3 रजत एवं 4 कांस्य पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया. उड़ीसा ने 3 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक के साथ प्रथम रनर-अप का स्थान प्राप्त किया, जबकि मेजबान झारखंड ने 3 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य पदक जीतकर द्वितीय रनर-अप बनने का गौरव हासिल किया.

समापन समारोह में आयोजन सचिव सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए आयोजन समिति से जुड़े सभी सदस्यों के 24 घंटे के अतुलनीय योगदान की सराहना की.

उन्होंने विजेता खिलाड़ियों एवं राज्यों को शुभकामनाएं दीं और जो खिलाड़ी थोड़े अंकों से पदक से चूक गए, उन्हें अपनी कमियों की पहचान कर कड़ी मेहनत के साथ आगामी वर्ष बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया.

इस अवसर पर एसजीएफआई के फील्ड ऑफिसर राकेश कुमार सिंह, भारतीय तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष सत्यनारायण चिरिकुरी, मुख्य प्रशिक्षक रविशंकर, झारखंड तीरंदाजी संघ के संयुक्त सचिव हरेंद्र सिंह, अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक मनजीत मल्लिक, योगेंद्र राणा तथा मनोज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही.

प्रतियोगिता की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग एवं राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने सभी विजेता राज्यों और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

Read more

Local News