Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) ने 35वें नेशनल मैनेजमेंट गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया है। 16 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद सेल (SAIL) की किसी इकाई ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सेल, एनटीपीसी, मारुति सुजुकी, इंडियन ऑयल, एनएचपीसी, एलएंडटी, ओएनजीसी सहित 150 से अधिक सरकारी और निजी संस्थानों की टीमों ने भाग लिया। प्रारंभिक चरण में विभिन्न क्षेत्रीय मुकाबलों के बाद सर्वश्रेष्ठ 19 टीमों ने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई।
फाइनल राउंड में बीएसएल का प्रतिनिधित्व हॉट स्ट्रिप मिल के वरिष्ठ प्रबंधक राहुल रंजन पंडा और सीएमएम-सीटीएस के वरिष्ठ प्रबंधक ओवैस अहमद ने किया। दोनों अधिकारियों ने रणनीतिक निर्णय क्षमता, व्यावसायिक प्रबंधन और वित्तीय विश्लेषण का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में एनटीपीसी की दो टीमों ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले वर्ष 2010 में बोकारो इस्पात संयंत्र की टीम ने यह राष्ट्रीय खिताब जीता था। लगभग डेढ़ दशक बाद मिली इस सफलता ने संयंत्र के लिए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
बीएसएल के शीर्ष प्रबंधन ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अधिकारियों की पेशेवर क्षमता, नवाचार की सोच और उत्कृष्ट प्रबंधन कौशल का प्रमाण है। प्रबंधन ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी संयंत्र की टीमें राष्ट्रीय स्तर पर इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहेंगी।
