झारखंड सरकार रांची और जमशेदपुर में अंतरराज्यीय बस पड़ाव (आईएसबीटी) बनाने के लिए आगे बढ़ रही है जिस पर कुल 331 करोड़ रुपये खर्च होंगे। रांची आईएसबीटी की लागत लगभग 181 करोड़ और जमशेदपुर की 150 करोड़ रुपये अनुमानित है। परियोजना में यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं और खुला क्षेत्र शामिल होगा।
रांची और जमशेदपुर में अंतरराज्यीय बस पड़ाव के निर्माण को लेकर राज्य सरकार आगे बढ़ रही है और इसी क्रम में मंगलवार को नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जुडको की ओर से संचालित दोनों परियोजनाओं को लेकर कई जानकारियां साझा की गईं। प्रधान सचिव ने पीपीपी मोड, हैम मोड एवं इपीसी पर निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की।
बताया गया कि दोनों परियोजनाएं कुल 331 करोड़ रुपये की लागत पर तैयार हो जाएंगी। रांची में अंतरराज्यीय बस पड़ाव (आईएसबीटी) के निर्माण की अनुमानित लागत 181 करोड़ रुपये है तो जमशेदपुर में 150 करोड़ रुपये। इसके साथ ही रांची में ट्रांसपोर्ट नगर के संचालन को लेकर निविदा शीघ्र निकालने का निर्देश दिया गया है।
प्रधान सचिव सुनील कुमार ने रांची और जमशेदपुर के नागरिकों की सुविधा को देखते हुए आईएसबीटी का निर्माण किया जाये। सचिव ने परामर्शी कंपनी आइडेक द्वारा तैयार किये गये डिजाइन का प्रजेंटेशन देखा। इस दौरान उन्होंने पीपीपी मोड, हाई ब्रिड एन्युटी माडल (हैम) तथा इपीसी मोड पर आईएसबीटी के निर्माण की संभावनाओं पर विचार विमर्श किया।
इन प्रणालियों में आईएसबीटी के निर्माण में जो उपयुक्त होगा उस पर विचार किया जायेगा। प्रधान सचिव ने बैठक में कहा कि दुबलिया, रांची और जमशेदपुर में बनने वाले आईएसबीटी की 60 प्रतिशत भूमि को खुला रखा जाये तथा 40 प्रतिशत भूमि पर ही निर्माण कार्य किया जाये।
खुले क्षेत्र में आकर्षक वृक्षारोपण भी किए जाएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण विश्रामागार एवं प्रतीक्षालय हरहाल में बनाया जाना चाहिए। साथ ही आईएसबीटी में यात्रियों के लिए सभी प्राथमिक सुविधाएं मुहैया करायी जायें।
दोनों आईएसबीटी की खास बातें
विशेषता | आईएसबीटी रांची | आईएसबीटी जमशेदपुर |
---|---|---|
लागत | ₹180.45 करोड़ | ₹150 करोड़ |
क्षेत्रफल | 33.51 एकड़ | 10.70 एकड़ |
एलाइटिंग बस बे | 14 | 23 |
इंटरसिटी बस बे | 21 | – |
इंटर-स्टेट बस बे | – | 18 |
कुल निष्क्रिय पार्किंग (बसें) | 200 बसें | 50 बसें |
कार पार्किंग | 300 वाहन | 300 वाहन |
बाइक पार्किंग | 800 दोपहिया | 350 दोपहिया |
खुदरा दुकानें | 42 | 55 |