चक्रधरपुर: 30वें ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत 28 नवंबर से होने जा रही है। आयोजन को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतियोगिता के मद्देनजर चक्रधरपुर रेल मंडल के कार्यालयों के समय में भी अस्थायी बदलाव किया गया है। निर्धारित अवधि में अब कार्यालय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे।
डीआरएम तरुण हुरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 30 नवंबर से 4 दिसंबर और फिर 7 से 11 दिसंबर तक मंडल के कार्यालय बदले हुए समय पर खुलेंगे। इस संबंध में सभी शाखा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट चक्रधरपुर की खेल संस्कृति और पहचान से जुड़ा आयोजन है। इस वर्ष प्रतियोगिता अपने गौरवशाली 50 साल के सफर का उत्सव भी मना रही है।
इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में डे-नाइट मुकाबलों की तैयारी
इस बार टूर्नामेंट में दिन के साथ रात में भी मैच खेले जाएंगे। इसके लिए इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में विशेष रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। मैदान में ऊंचे पोल पर शक्तिशाली हैलोजन लाइटें लगाई जा रही हैं, जिससे रात के मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों को पर्याप्त रोशनी मिल सके।
डीआरएम के अनुसार, दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
14 टीमें लेंगी हिस्सा, 11 दिसंबर को फाइनल
प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों से कुल 14 टीमें भाग लेंगी। इनमें कोरबा, ओडिशा, मणिपुर, लखनऊ, देहरादून, केरल, कश्मीर, हैदराबाद, कोलकाता और चक्रधरपुर की टीमें शामिल हैं। तीन बार की चैंपियन मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब, कोलकाता भी इस टूर्नामेंट का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 नवंबर तथा 3, 5 और 8 दिसंबर को क्वार्टर फाइनल मुकाबले होंगे। सेमीफाइनल मैच 6 और 9 दिसंबर को खेले जाएंगे। 10 दिसंबर को विश्राम रखा गया है, जबकि 11 दिसंबर को फाइनल के साथ प्रतियोगिता संपन्न होगी।
डीआरएम तरुण हुरिया ने क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को टूर्नामेंट के गौरवशाली सफर की बधाई दी। उन्होंने दर्शकों से स्टेडियम पहुंचकर टीमों और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, सीनियर डीईएन को-ऑर्डिनेशन आरपी मीणा, रेलवे स्पोर्ट्स ऑफिसर और आरपीएफ के डीएससी ए. नवीन प्रसाद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
