जुलाई 2025 के अंत में मंगल ग्रह का राशि परिवर्तन कुछ राशियों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है. ज्योतिष के अनुसार, मंगल को साहस, ऊर्जा, भूमि, रक्त, और क्रोध का प्रतीक माना गया है. 28 जुलाई को मंगल का कन्या राशि में प्रवेश होगा, जहां वे 13 सितंबर तक रहेंगे. कन्या राशि बुध की है और मंगल-बुध के बीच शत्रु संबंध होने के कारण इस गोचर का प्रभाव कई राशियों पर नकारात्मक हो सकता है.
दिल्ली के वैदिक ज्योतिष और वास्तु विशेषज्ञ आदित्य झा के अनुसार मंगल का गोचर जब भी बुध की राशि कन्या में होता है, तो कई स्तरों पर असर डालता है — मानसिक स्थिति, स्वास्थ्य, पारिवारिक संबंध और कार्यक्षेत्र प्रभावित हो सकते हैं. क्रोध में वृद्धि, दुर्घटनाओं की आशंका और अग्नि से जुड़ी घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है. विशेष रूप से वे राशियाँ जो मंगल की स्थिति से सीधे प्रभावित होंगी, उन्हें सावधान रहना होगा.
तुला राशि: तनाव, खर्च और स्वास्थ्य समस्याओं से जूझना पड़ सकता है
तुला राशि के जातकों के लिए यह गोचर मानसिक अशांति का कारण बन सकता है. इस दौरान अचानक खर्च बढ़ सकते हैं और सेहत संबंधी परेशानियां सामने आ सकती हैं. नींद की कमी, पाचन से जुड़ी दिक्कतें और सिरदर्द जैसे लक्षण दिख सकते हैं. विद्यार्थियों और विदेश जाने की सोच रहे लोगों के लिए यह समय अवरोध लेकर आ सकता है. गुस्से पर नियंत्रण रखना सबसे ज़रूरी होगा, अन्यथा रिश्ते और काम दोनों बिगड़ सकते हैं.
धनु राशि: करियर और प्रतिष्ठा को हो सकता है नुकसान
धनु राशि वालों के लिए मंगल का यह गोचर कर्म भाव यानी 10वें भाव में हो रहा है. इस भाव पर असर पड़ने से कार्यस्थल पर विवाद की स्थिति बन सकती है. नौकरीपेशा लोगों को ऑफिस पॉलिटिक्स से दूरी बनाकर रखना चाहिए. वाहन चलाते समय या मशीनरी से काम करते समय सावधानी बरतें, वरना दुर्घटना संभव है. जो लोग राजनीति या प्रशासन से जुड़े हैं, उन्हें विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए.
मेष राशि: स्वास्थ्य जोखिम और भूमि विवाद की संभावना
मेष राशि के जातकों के लिए यह समय व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में परेशानी ला सकता है. इस दौरान चोट लगने या दुर्घटना का डर बना रहेगा, खासकर यात्रा करते समय सतर्क रहना ज़रूरी है. साथ ही, भूमि या संपत्ति से जुड़े मामलों में कानूनी उलझनों का सामना करना पड़ सकता है. मानसिक रूप से भय और असुरक्षा का भाव बढ़ सकता है, जिससे आत्मविश्वास डगमगा सकता है.
क्या करें और क्या न करें: उपाय और सतर्कता
इस दौरान हनुमान चालीसा का पाठ करना, मंगलवार को व्रत रखना, लाल वस्त्र दान करना और मंदिरों में तांबे या मसूर की दाल दान करना लाभकारी रहेगा. क्रोध और जल्दबाजी से बचें, जोखिम भरे निवेश न करें, और यात्रा सोच-समझकर ही करें.


