Saturday, February 21, 2026

 23 फरवरी से पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस नियमित रूप से चलेगी.

Share

 23 फरवरी से पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस नियमित रूप से चलेगी. मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और समस्तीपुर जैसे स्टेशनों से गुजरने वाली यह प्रीमियम नॉन-एसी ट्रेन मोबाइल चार्जिंग, फायर डिटेक्शन और एयर स्प्रिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस है.

 मुजफ्फरपुर और उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. अब पनवेल से अलीपुरद्वार के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस नियमित रूप से चलेगी. यह ट्रेन पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और कटिहार जैसे अहम स्टेशनों से होकर गुजरेगी. इससे उत्तर और पश्चिम भारत के बीच सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी.

इस दिन शुरू होगा अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन

पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि ट्रेन नंबर 11031 पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन 23 फरवरी से शुरू होगा. वापसी में 11032 अलीपुरद्वार-पनवेल एक्सप्रेस 26 फरवरी से चलेगी. यह एक प्रीमियम नॉन-एसी ट्रेन है. इसमें यात्रियों की सुविधा का खास ध्यान रखा गया है.

ट्रेन में क्या-क्या सुविधा

ट्रेन में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, आरामदायक सफर के लिए एयर स्प्रिंग बॉडी, रेडियम फ्लोर स्ट्रिप, दिव्यांगजन के लिए बेहतर शौचालय, आग से सुरक्षा के लिए फायर डिटेक्शन सिस्टम, टॉक-बैक यूनिट और आधुनिक लाइटिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं.

शेड्युल के बारे में जानिए

समय की बात करें तो 11031 पनवेल-अलीपुरद्वार एक्सप्रेस हर सोमवार को सुबह 11:50 बजे पनवेल से खुलेगी. रास्ते में कल्याण, भुसावल, इटारसी, जबलपुर और प्रयागराज छिवकी होते हुए मंगलवार को डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर पहुंचेगी. बुधवार सुबह 3:20 बजे कटिहार पहुंचेगी और वहां से आगे बढ़ते हुए दोपहर 1:50 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी.

11032 अलीपुरद्वार-पनवेल एक्सप्रेस हर गुरुवार को सुबह 4:45 बजे अलीपुरद्वार से चलेगी. कटिहार, खगड़िया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और पाटलिपुत्र से गुजरते हुए डीडीयू पहुंचेगी और शनिवार सुबह 5:30 बजे पनवेल पहुंचेगी. इस ट्रेन के शुरू होने से मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी सहूलियत मिलेगी.

Read more

Local News