Saturday, April 11, 2026

 22 अप्रैल 2026 को शनि उदय होंगे, जिससे पांच राशियों को करियर, धन और तरक्की में जबरदस्त लाभ मिलेगा.

Share

 ज्योतिष शास्त्र में ‘न्याय के देवता’ कहे जाने वाले शनि देव जल्द ही अपनी अवस्था बदलने जा रहे हैं. वैदिक पंचांग के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को शनि देव मीन राशि में उदित होंगे. शनि का उदय होना ज्योतिषीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि जब शनि उदित होते हैं, तो उनकी शक्ति और प्रभाव में जबरदस्त वृद्धि होती है. 13 मार्च से अस्त चल रहे शनि के उदय होने से कई राशियों के रुके हुए काम फिर से गति पकड़ेंगे.

शनि उदय का समय और महत्व
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ज्योतिषाचार्य डॉ. उमाशंकर मिश्र का कहना है कि, शनि देव 22 अप्रैल को तड़के सुबह 04:49 बजे मीन राशि में उदयवान होंगे. ज्योतिषाचार्य का कहना है कि शनि अनुशासन, कड़ी मेहनत और कर्मों के फल के कारक हैं. उनके उदित होने से उन लोगों को विशेष लाभ मिलेगा जिन्होंने पिछले कुछ समय में कठिन परिश्रम किया है. विशेष रूप से करियर और आर्थिक मोर्चे पर यह परिवर्तन बड़े बदलाव लेकर आएगा.

इन 5 राशियों के लिए “वरदान” समय
डॉ. उमाशंकर मिश्र के अनुसार, शनि के उदय से इन राशियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएंगे

वृषभ
आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. आय के नए अवसर मिलेंगे और पुराने ऋणों से मुक्ति मिल सकती है. करियर में पदोन्नति और नई नौकरी के प्रस्ताव मिलने की संभावना है.

मिथुन
शनि आपके ‘कर्म’ भाव में उदित हो रहे हैं. व्यापार के विस्तार के नए अवसर मिलेंगे और कार्यस्थल पर प्रतिष्ठा बढ़ेगी. पैतृक संपत्ति से भी लाभ की संभावना है.

मकर
शनि की अपनी राशि होने के कारण, मकर राशि के लोगों के लिए प्रगति के रास्ते खुलेंगे. फंसा हुआ धन प्राप्त होगा और समाज में प्रभाव बढ़ेगा. नया वाहन या संपत्ति खरीदने की योजना बन सकती है.

सिंह
सामाजिक दायरे का विस्तार होगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा. छात्रों के लिए यह समय विशेष रूप से फलदायी है, उन्हें किसी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता मिल सकती है.

मीन
शनि इसी राशि में उदित हो रहे हैं. यह समय अधिक जिम्मेदारी और परिपक्वता लाएगा. करियर में नई भूमिकाएँ मिल सकती हैं, हालाँकि स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा.

सावधान रहें
ज्योतिषियों के अनुसार, जहाँ शनि उदय शुभ फल देगा, वहीं कुछ राशियों को सावधानी बरतने की भी आवश्यकता है. मेष और कर्क राशि के जातकों को धन के लेन-देन और निवेश में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए. अनावश्यक जोखिम से बचें और स्वास्थ्य का ध्यान रखें. शनि की कृपा पाने के लिए शनिवार को शनि चालीसा का पाठ करना और गरीबों की सहायता करना शुभ माना जाता है.

Read more

Local News