ज्योतिष शास्त्र में ऐश्वर्य, प्रेम और धन के कारक माने जाने वाले शुक्र देव 2 मार्च 2026 को अपनी उच्च राशि मीन में प्रवेश करने जा रहे हैं. शुक्र का यह गोचर ब्रह्मांड में एक बड़ी हलचल पैदा करेगा, जिसका असर सभी 12 राशियों पर पड़ेगा. जहां कुछ राशियों के लिए यह ‘मालव्य राजयोग’ जैसा शुभ फल देगा, वहीं तीन विशेष राशियों के लिए यह समय काफी चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है.
इन 3 राशियों को रहना होगा बेहद सतर्क
1. मेष राशि: बढ़ेंगे खर्च और दुर्घटना का भय
मेष राशि वालों के लिए शुक्र का यह परिवर्तन आर्थिक मोर्चे पर अस्थिरता ला सकता है. गोचर की शुरुआत में ही अनावश्यक खर्चों की सूची लंबी हो सकती है, जिससे बजट बिगड़ने की संभावना है. कारोबारियों को उम्मीद के मुताबिक मुनाफा नहीं मिलने से मानसिक तनाव हो सकता है. ज्योतिषाचार्य की सलाह है कि इस दौरान निवेश का कोई भी बड़ा फैसला टाल दें. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें, क्योंकि चोट या छोटी दुर्घटना के योग बन रहे हैं.
2. तुला राशि: रिश्तों में कड़वाहट और धन हानि
शुक्र तुला राशि के स्वामी हैं, लेकिन मीन में उनका प्रवेश इस राशि के जातकों के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहेगा. इस अवधि में यात्रा करना नुकसानदेह साबित हो सकता है. वैवाहिक जीवन में छोटी-छोटी बातों पर बड़े विवाद होने की आशंका है. पारिवारिक रिश्तों में खींचतान की वजह से मन अशांत रहेगा. यदि आप व्यापार कर रहे हैं, तो लेन-देन में पारदर्शिता बरतें, अन्यथा आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है. अपनी वाणी पर संयम रखें और किसी का अपमान करने से बचें.
3. धनु राशि: स्वास्थ्य और मानसिक तनाव की समस्या
धनु राशि के जातकों को इस दौरान शारीरिक थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है. सेहत में गिरावट की वजह से आपके जरूरी काम अटक सकते हैं. कार्यक्षेत्र में भी मेहनत के अनुरूप फल न मिलने से निराशा बढ़ सकती है. इस समय नए व्यापार की शुरुआत करना जोखिम भरा हो सकता है. वाणी दोष के कारण अपनों से विवाद संभव है, इसलिए धैर्य से काम लेना ही एकमात्र बचाव है.
संकट से बचने के आसान उपाय
शुक्र के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए ज्योतिषाचार्य डॉ. उमाशंकर मिश्र ने कुछ प्रभावी उपाय बताए हैं.
मंत्र साधना: प्रतिदिन या हर शुक्रवार को ‘ॐ शुं शुक्राय नमः’ मंत्र का 108 बार जाप करें.
दान पुण्य: शुक्रवार के दिन सफेद वस्तुओं जैसे चावल, चीनी, दूध या सफेद मिठाई का दान किसी मंदिर या जरूरतमंद को करें.
इत्र का प्रयोग: शुक्र को प्रसन्न करने के लिए नियमित रूप से सुगंधित इत्र का प्रयोग करें और साफ-सुथरे कपड़े पहनें.
शिव उपासना: शुक्रवार को शिवलिंग पर दूध और सफेद चंदन अर्पित करने से मानसिक शांति मिलती है और आर्थिक बाधाएं दूर होती हैं.


