सारण जिले के अमनौर थाना इलाके के पकड़ीडीह गांव में शनिवार की देर रात घर में सो रही दो बहनों पर अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस घटना में बड़ी बहन की मौत हो गई, जबकि छोटी बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गई.
सारण जिले के अमनौर थाना इलाके के पकड़ीडीह गांव में शनिवार की देर रात घर में सो रही 2 बहनों पर अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस घटना में बड़ी बहन की मौत हो गई, जबकि छोटी बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गई. मृतका की पहचान पकड़ीडीह गांव निवासी रूबी कुमारी (22) के रूप में हुई है. वहीं, बुरी तरह जख्मी युवती का नाम निशा कुमारी (19) है. वह छपरा शहर के भगवान बाजार थाना इलाके के ब्रह्मपुर मुहल्ला निवासी टुनटुन साह की बेटी बताई जा रही है. इस इस घटना के बाद निशा को पहले सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया.
- मिली जानकारी के अनुसार रूबी कुमारी अपने एक साल के बेटे दिव्यांशु के साथ ससुराल में रह रही थी. रक्षाबंधन पर मायके से लौटने के बाद वह छोटी बहन निशा को भी बच्चे की देखभाल के लिए साथ लेकर आई थी. शनिवार रात दोनों बहनें कमरे में सो रही थीं जबकि सास माधुरी देवी और ससुर मदन साह घर के बरामदे में सोए थे.
- जानकारी मिली है कि रात करीब 12 बजे के बाद घायल निशा किसी तरह कमरे से बाहर निकली और खून से लथपथ हालत में सास-ससुर को घटना की जानकारी दी. इसके बाद वह तुरंत बेहोश होकर गिर पड़ी. परिवार वालों ने दोनों बहनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से सदर अस्पताल और फिर निशा को पटना रेफर किया गया. जहां चिकित्सकों ने रूबी को मृत घोषित कर दिया.
- जानकारी मिली है कि बदमाश घर के पिछले हिस्से से आम के पेड़ के सहारे अंदर घुसे और वारदात को अंजाम देकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए. घटना के बाद मृतका के ससुर मदन साह ने तीन लोगों को भागते हुए देखा था. पीड़ित परिवार ने किसी पुरानी दुश्मनी से इनकार किया है.
घटना की सूचना मिलते ही अमनौर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी. एफएसएल टीम ने खून के नमूने और अन्य साक्ष्य भी संग्रह किए हैं. इसके बाद देर रात मढ़ौरा डीएसपी रामनरेश पासवान भी गांव पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की. थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.


