नई दिल्ली: न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार 158 यात्रियों को कोलंबो से चेन्नई ले कर आ रहे एयर इंडिया के एक विमान से मंगलवार को एक पक्षी टकरा गया. इस घटना के बाद एयरलाइन को उड़ान रद्द करनी पड़ी. अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया.
अधिकारियों ने आगे बताया कि चेन्नई हवाई अड्डे पर उतरने के बाद विमान के पक्षी से टकराने का पता चला. इस टक्कर के बाद एयर इंडिया के इंजीनियरों और हवाई अड्डे के अधिकारियों द्वारा विमान की गहन जांच की गई. इसके अलावा एयरलाइन अधिकारियों ने इस घटना के कारण एयर इंडिया के विमान की वापसी यात्रा भी रद्द कर दी. उन्होंने बताया कि 137 यात्रियों के लिए एक अलग विमान की व्यवस्था की गई, जो बाद में कोलंबो के लिए रवाना हो गए.
- संदिग्ध पक्षी के टकराने की सूचना
न्यूज एजेंसी एएनआई ने एयर इंडिया के एक प्रवक्ता के हवाले से बताया, “7 अक्टूबर को चेन्नई से कोलंबो जा रहे AI273 विमान के चालक दल ने एक संदिग्ध पक्षी के टकराने की सूचना दी. कोलंबो में उतरने के बाद विमान का निरीक्षण करने वाले इंजीनियरों को कोई क्षति नहीं मिली और विमान को परिचालन के लिए मंजूरी दे दी गई.” - इंजन के ब्लेड पर एक इम्पेक्ट
उन्होंने कहा, “इसी विमान ने निर्धारित समय के अनुसार कोलंबो से चेन्नई के लिए उड़ान AI274 का संचालन किया. चेन्नई में उड़ान के बाद नियमित जांच के दौरान इंजीनियरों ने इंजन के ब्लेड पर एक इम्पेक्ट देखा. परिणामस्वरूप विमान को आगे के निरीक्षण और क्षति के कारण का पता लगाने के लिए रोक दिया गया है.” - इससे पहले शनिवार को DGCA ने ब्रिटेन जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान में अप्रत्याशित आरएटी (RAT) तैनाती की जांच की. दरअसल, पंजाब के अमृतसर से इंग्लैंड के बर्मिंघम जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान में उस समय गंभीर हड़कंप मच गया जब बोइंग 787 ड्रीमलाइनर में लैंडिंग के दौरान रैम एयर टर्बाइन (RAT) अप्रत्याशित रूप से तैनात हो गई.
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता के अनुसार विमान बर्मिंघम में सुरक्षित रूप से उतर गया और किसी भी यात्री या चालक दल को कोई चोट नहीं आई. घटना के बाद बर्मिंघम से दिल्ली के लिए वापसी की उड़ान AI114 रद्द कर दी गई है.


