Sunday, March 15, 2026

15 फरवरी को होने वाला IND vs PAK टी20 वर्ल्ड कप 2026 तब से चर्चा में है जब पाकिस्तान की सरकार ने भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने का ऐलान किया था….

Share

15 फरवरी को होने वाला IND vs PAK टी20 वर्ल्ड कप 2026 तब से चर्चा में है जब पाकिस्तान की सरकार ने भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने का ऐलान किया था.

हालांकि, इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है क्योंकि न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका के क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान से अपने फैसले पर विचार करने की अपील की है.

जिसके बाद ये रिपोर्ट सामने आ रही है कि अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) भारत के साथ मैच का बॉयकॉट करने के फैसले पर फिर से सोचने के लिए अपनी सरकार से सलाह लेगा. इससे इस बात की संभावना बढ़ गई है कि पाकिस्तान भारत के साथ मैच से हटने के अपने फैसले से यू-टर्न ले सकता है.

श्रीलंका ने पाकिस्तान से क्या कहा?
बता दें कि भारत बनाम पाकिस्तान ICC और उसके ब्रॉडकास्टर्स के लिए सबसे बड़ा मैच है. इसके अलावा जहां पर भी इनका मैच खेला जाता है वहां पर टूरिज्म को काफी ज्यादा फायदा होता है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने PCB को एक ईमेल भेजा है, जिसमें लिखा है कि भारत-पाकिस्तान मैच न होने से उनको वित्तीय नुकसान होगा. उन्होंने यह भी कहा कि इससे उनकी छवि भी खराब होगी.

एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘जाहिर है, पाकिस्तान के श्रीलंका के साथ सरकार-से-सरकार और क्रिकेट स्तर पर हमेशा बहुत करीबी और दोस्ताना संबंध रहे हैं. इसलिए उनके बोर्ड के मेल को ऐसे ही नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.’

सूत्र ने आगे कहा, ‘श्रीलंका बोर्ड के अध्यक्ष शमी सिल्वा ने सीधे मोहसिन नकवी से संपर्क किया है और उन्हें याद दिलाया है कि इस समय श्रीलंका को पाकिस्तान की जरूरत है क्योंकि पाकिस्तान और भारत के मैचों के बिना, श्रीलंका बोर्ड को टिकट, हॉस्पिटैलिटी बिक्री आदि से अतिरिक्त राजस्व का नुकसान होगा.’

PCB सरकार से सलाह लेगी
सूत्र ने यह भी बताया कि PCB चेयरमैन प्रधानमंत्री से सलाह लेंगे. उन्होंने कहा, ‘PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी कल से देश में नहीं हैं और आज वापस आने वाले हैं. वह भारत मैच के बॉयकॉट को खत्म करने के बारे में प्रधानमंत्री को ईमेल दिखाएंगे, और फिर सोमवार तक इस मामले पर फैसला लिया जाएगा.’ जिसके बाद ये कहा जा रहा है कि पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत से खेल सकता है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026
टी20 वर्ल्ड कप 2026 शनिवार को शुरू हुआ, जिसमें पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के पहले मैच में नीदरलैंड्स को तीन विकेट से हराया. टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही सुर्खियों में रहा है, क्योंकि पहले बांग्लादेश ने टूर्नामेंट का बॉयकॉट किया, और फिर पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की कि टीम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी. हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने उनसे भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने के अपने रुख पर फिर से विचार करने का आग्रह किया.

Read more

Local News