Monday, March 30, 2026

10 दिनों के बाद ‘सैयारा’ की रफ्तार धीमी पड़ती दिख रही है…

Share

नए कलाकार अहान पांडे और अनीत पड्डा अपनी नई फिल्म ‘सैयारा’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं. उनकी डेब्यू फिल्म 11 दिन में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गई है. वहीं, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये की ओर बढ़ रही है. हालांकि, 11वें दिन फिल्म की कमाई में भारी गिरावट दर्ज की गई है.

इसमें कोई शक नहीं है कि मोहित सूरी की निर्देशित फिल्म ‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई है. यशराज फिल्म्स के बैनर तले अक्षय विधानी की निर्मित यह फिल्म एक म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा है. मोहित सूरी तीन साल बाद ‘सैयारा’ के साथ निर्देशन में वापसी किए हैं. उनके इस फिल्म को दर्शकों और आलोचकों दोनों से ही शानदार समीक्षा मिली है.

सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘सैयारा’ ने अपने दूसरे रविवार को 30 करोड़ रुपये कमाए, जिससे दस दिनों में इसकी कुल कमाई 247.25 करोड़ रुपये हो गई. गौरतलब है कि यह 2025 में दूसरे रविवार को दूसरा सबसे बड़ा कलेक्शन है, जो केवल ‘छावा’ से पीछे है.

‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 11
‘सैयारा’ 10 दिनों से बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी थी. लेकिन, दूसरे सोमवार को इसकी रफ्तार धीमी पड़ती दिख रही है. ऐसा लग रहा है कि बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई नई फिल्मों का असर इस पर पड़ा है.

सैकनिल्क के मुताबिक, दूसरे सोमवार को ‘सैयारा’ के कलेक्शन में भारी गिरावट दर्ज की गई. 28 जुलाई शाम 8 बजे तक फिल्म ने 5.94 करोड़ रुपये तक का ही कलेक्शन किया था. यह फिल्म की अब तक की सबसे कम कमाई है. फिलहाल, ‘सैयारा’ ने 11 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 253.19 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. उम्मीद है कि दिन के अंत तक 260 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर जाएगी.

‘सैयारा’ वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन दिन 10
सैकनिल्क रिपोर्ट के अनुसार, ‘सैयारा’ ने रिलीज के 10वें दिन ओवरसीज बॉक्स ऑफिस पर 9 करोड़ रुपये की कमाई की. इस तरह, दस दिनों के बाद ‘सैयारा’ का कुल ओवरसीज कलेक्शन 75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं, दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर इसने 373.7 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन कर लिया है.

  • https://www.youtube.com/embed/9r-tT5IN0vg?si=7R0slHwx9pyN-F9r

रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 75 करोड़ रुपये की कुल विदेशी कमाई के साथ ‘सैयारा’ अक्षय कुमार की ‘हाउसफुल 5’ के लाइफटाइम ओवरसीज कलेक्शन को पार कर गई है. नतीजतन, यह ‘छावा’ के बाद 2025 की तीसरी सबसे ज्यादा ओवरसीज कमाई करने वाली फिल्म बन गई है

Read more

Local News