Monday, February 9, 2026

10 फरवरी से लोहरदगा में T20 क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू होने वाला है. जिसमें क्रिकेट के सितारे और फिल्मी दिग्गज भी शरीक होंगे.

Share

लोहरदगा: जिला में T20 क्रिकेट के रोमांचक मुकाबले को लेकर आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है. आगमी 10 फरवरी से लेकर 13 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस आयोजन की जिम्मेदारी लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने संभाल रखी है. प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह है. इस आयोजन में क्रिकेट के सितारे और फिल्मी सितारों के साथ-साथ राजनीतिक हस्तियां भी शामिल होंगी.

जिला के बलदेव साहू महाविद्यालय क्रिकेट स्टेडियम में 10 फरवरी से क्रिकेट का महासंग्राम शुरू होने जा रहा है. लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन और साहू परिवार के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस प्रतियोगिता में न सिर्फ झारखंड के अलग-अलग जिलों के कि आठ टीम में भाग लेंगी. बल्कि क्रिकेट और फिल्मी सितारों का जमावड़ा भी लगेगा. क्रिकेट के आयोजन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है. आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है.

पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह और वीरेंद्र सहवाग होंगे शामिल

इस प्रतियोगिता में जहां 10 फरवरी को भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह शामिल होंगी. वहीं 13 फरवरी को पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और स्पिनर हरभजन सिंह भी शामिल होंगे. इसके अलावा जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सहित कई मंत्रियों और नेताओं को आमंत्रित किया गया है.

लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने खुद इन मंत्रियों से मुलाकात कर उन्हें प्रतियोगिता के लिए आमंत्रित किया है. प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर सिर्फ लोहरदगा ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों में भी खूब प्रचार-प्रसार किया गया है. स्टेडियम में लोगों के बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई है. अनुशासित रूप से आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के भी इंतजाम किए गए हैं. इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बाउंसर की व्यवस्था भी की गई है.

Cricket and Film stars will arrive for T20 cricket match in Lohardaga

लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के साथ-साथ लोहरदगा जिला के विभिन्न सामाजिक राजनीतिक संगठन के प्रतिनिधि भी इस आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं. प्रतियोगिता के सफल आयोजन की पूरी जिम्मेदारी लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने संभाल रखी है. इसके अलावा उनके पुत्र हर्षित साहू भी आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्यों को भी अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है. अलग-अलग कार्यक्रम के माध्यम से भी लोगों को आयोजन से जोड़कर रखने का प्रयास किया जा रहा है. वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह की टीम के बीच पांच ओवर का प्रदर्शनी मैच भी खेला जाएगा. इस मैच में भी स्थानीय खिलाड़ियों के साथ-साथ कई प्रशासनिक अधिकारियों के खेलने की भी संभावना है.

Read more

Local News