रांचीः होली के मद्देनजर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है. इस बार होली पर्व के दौरान विभिन्न दिशाओं के लिए कुल 10 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा. रांची रेल मंडल के सीनियर डीसीएम शुचि सिंह ने बताया कि हर साल त्योहार के समय यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को सफर में सहूलियत मिल सके और वेटिंग की समस्या कम हो.
मंडल द्वारा हटिया-दुर्ग, सांतरागाछी-अजमेर, रांची-झंझारपुर, रांची-गोरखपुर, टाटानगर-कटिहार, गोंदिया-पटना, तिरुपति-रक्सौल, चर्लपल्ली-पटना, चर्लपल्ली-रक्सौल तथा भुवनेश्वर-धनबाद समेत कई प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. ये ट्रेनें फरवरी के अंतिम सप्ताह से मार्च के अंत और अप्रैल के शुरुआती दिनों तक अलग-अलग तिथियों और वार के अनुसार संचालित होंग
हटिया से दुर्ग के लिए स्पेशल ट्रेनें मार्च महीने में सप्ताह में दो दिन चलेंगी. वहीं दुर्ग से हटिया के लिए भी समान रूप से सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। सांतरागाछी से अजमेर और अजमेर से सांतरागाछी के बीच भी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. रांची से झंझारपुर और झंझारपुर से रांची के बीच होली स्पेशल ट्रेनें प्रत्येक सप्ताह चलेंगी, जिससे बिहार और झारखंड के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा.
पटना से चर्लपल्ली और चर्लपल्ली से पटना के बीच भी होली स्पेशल ट्रेनें वाया रांची चलाई जाएंगी. इसके अलावा चर्लपल्ली से रक्सौल और रक्सौल से चर्लपल्ली के बीच विशेष सेवाएं उपलब्ध होंगी. तिरुपति से रक्सौल तथा रक्सौल से तिरुपति के बीच भी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे दक्षिण भारत से आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी.
रांची से गोरखपुर और गोरखपुर से रांची के बीच साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. टाटानगर से कटिहार और कटिहार से टाटानगर के बीच भी विशेष ट्रेनें संचालित होंगी. गोंदिया से पटना और पटना से गोंदिया के बीच एक-एक ट्रिप की विशेष ट्रेन चलेगी. सबसे अधिक राहत भुवनेश्वर-धनबाद रूट पर मिलेगी, जहां प्रतिदिन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जिससे झारखंड और ओडिशा के यात्रियों को बड़ी सुविधा होगी.
सीनियर डीसीएम शुचि सिंह ने कहा कि यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. उन्होंने बताया कि रेलवे का प्रयास है कि त्योहार के दौरान किसी भी यात्री को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े. अतिरिक्त कोच और स्पेशल ट्रेनों से वेटिंग लिस्ट कम करने में मदद मिलेगी. यात्रियों ने भी रांची रेल मंडल के इस निर्णय की सराहना की है. उनका कहना है कि त्योहार के समय टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है, ऐसे में स्पेशल ट्रेनों से घर पहुंचना आसान होगा. रेलवे के इस कदम से हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.


