Thursday, February 19, 2026

होली के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है.

Share

होली पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है. मानसी-अमृतसर, मुंबई सेंट्रल-कटिहार और टाटानगर-कटिहार रूट पर विशेष ट्रेनें चलेंगी. जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

 होली के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है. लंबी दूरी के यात्रियों को राहत देने के लिए ये ट्रेनें अलग-अलग रूटों पर चलाई जाएंगी. खास बात यह है कि इस बार कुछ नए रूट भी जोड़े गए हैं.

मानसी से अमृतसर के लिए पहली बार सीधी ट्रेन

होली पर पहली बार मानसी (खगड़िया) से अमृतसर के बीच सीधी स्पेशल ट्रेन चलेगी. गाड़ी संख्या 04609/04610 अमृतसर-मानसी-अमृतसर स्पेशल तीन दिन संचालित होगी. अमृतसर से यह ट्रेन 24 और 28 फरवरी तथा 4 मार्च को चलेगी. वहीं मानसी से अमृतसर के लिए 26 फरवरी, 2 और 6 मार्च को रवाना होगी. ट्रेन में आठ स्लीपर, चार जनरल और दो दिव्यांग कोच लगाए जाएंगे.

यह ट्रेन जालंधर, सरहिंद, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, गोरखपुर, सिवान और हाजीपुर होते हुए चलेगी.

मुंबई सेंट्रल से कटिहार तक विशेष सेवा

होली के अवसर पर मुंबई सेंट्रल से कटिहार के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. गाड़ी संख्या 09189/09190 मुंबई सेंट्रल-कटिहार स्पेशल 21 फरवरी से 27 मार्च तक प्रत्येक शनिवार को मुंबई से चलेगी. कटिहार से यह ट्रेन 24 फरवरी से 31 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार को रवाना होगी. गाड़ी संख्या 09189 सुबह 10:55 बजे मुंबई सेंट्रल से खुलेगी. यह सोमवार सुबह 3:55 बजे खगड़िया होते हुए आगे बढ़ेगी.

टाटानगर से कटिहार के लिए नई सुविधा

पहली बार टाटानगर से कटिहार के लिए भी स्पेशल ट्रेन की घोषणा की गई है. गाड़ी संख्या 08181 टाटानगर-कटिहार स्पेशल 2 से 30 मार्च तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी. वहीं 08182 कटिहार-टाटानगर स्पेशल 3 से 31 मार्च तक हर मंगलवार को संचालित होगी. यह ट्रेन धनबाद और जसीडीह होते हुए खगड़िया के रास्ते चलेगी.

यात्रियों को बड़ी राहत

रेलवे का कहना है कि होली के दौरान अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया गया है. इन ट्रेनों से बिहार, पंजाब, महाराष्ट्र और झारखंड के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा. यात्रियों से समय पर टिकट बुक कराने की अपील की गई है.

Read more

Local News