Thursday, March 19, 2026

हैवान बना पति- पत्नी के गर्भवती होने पर लड़की होने की जानकारी मिलने पर गर्भपात करा दिया और दूसरी शादी कर ली….

Share

जमुई के झाझा में एक ग्रामीण चिकित्सक ने पत्नी के गर्भवती होने पर लड़की होने की जानकारी मिलने पर गर्भपात करा दिया और दूसरी शादी कर ली। पीड़िता चमेली देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है जिसमें पति विकास यादव और उनके परिवार पर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जमुई। जिले के झाझा में हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक ग्रामीण चिकित्सक ने अपनी पत्नी के गर्भ में लड़की होने की जानकारी मिलने पर पहले तो उसका गर्भपात करा दिया और फिर दूसरी लड़की से चुपचाप शादी रचा ली।

इस पूरे मामले में चिकित्सक के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों की संलिप्तता सामने आने की बात बताई जा रही है। पीड़ित महिला ने थानाध्यक्ष के समक्ष बयान दर्ज कराया है। पीड़िता चमेली देवी अंबा गांव के ग्रामीण चिकित्सक विकास यादव की पत्नी है।

सोनो थाना क्षेत्र के सलैया गांव निवासी सहोदर यादव की पुत्री चमेली के अनुसार पांच साल पूर्व उसकी शादी विकास यादव से हुई थी। इस दौरान उसने एक पुत्री को जन्म दिया, जो अब तीन वर्ष की हो गई है।

चुपचाप रचा ली दूसरी शादी

पीड़िता के अनुसार, पांच माह पूर्व वह पुनः गर्भवती हुई। जांच के लिए पति उसे जमुई लेकर गया, जहां गर्भ में लड़की होने की जानकारी दी गई। इसके बाद पति ने जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। बाद में चमेली को पता चला कि पति ने बैजला गांव के कामदेव यादव की पुत्री रिंकू कुमारी से चुपचाप दूसरी शादी कर ली है और उसे सोहजाना स्थित एक मकान में रखा हुआ है।

इस पूरे मामले में उसके ससुर राजेंद्र यादव और देवर छोटू कुमार की भी मुख्य भूमिका है। विरोध करने पर विकास यादव, राजेंद्र यादव, छोटू कुमार और रिंकू कुमारी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया।

पीड़िता ने कहा कि दूसरी पत्नी रिंकू कुमारी के कहने पर ही उसका गर्भपात कराया गया। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पीड़िता का फर्द बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Read more

Local News