हजारीबाग: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम को लेकर हजारीबाग में छात्रों के बीच उत्साह देखने को मिला है. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के छात्र प्रधानमंत्री की बातों को सुनने को लेकर पहले से इंतजार करते दिखे. दिल्ली स्थित पीएम आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहले बच्चों ने असम के गमछे पहनाए और फिर उनके सवालों के जवाब दिए. हजारीबाग के मेरु स्थिति पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातों को सुना.
इस दौरान स्कूल के छात्रों ने कहा कि यह कार्यक्रम छात्र के जीवन के लिए अनमोल है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा के स्ट्रेस को दूर करने का मूल मंत्र दिया है. छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को परीक्षा पे चर्चा जैसे कार्यक्रम के आयोजन पर धन्यवाद दिया है. हजारीबाग के मेरु स्थिति पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. छात्रों ने सामूहिक रूप से बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातों को सुना और समझा कि कैसे परीक्षा को उत्सव के रूप में लेना है.
लंबे समय से था कार्यक्रम का इंतजार: छात्र
स्कूल के छात्रों ने कहा कि इस कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार था. क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा के स्ट्रेस को दूर करने के लिए मूल मंत्र देने जा रहे थे. छात्रों ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पे चर्चा में इस बात पर जोर दिया है कि परीक्षाएं जीवन का सिर्फ एक हिस्सा हैं, न कि उसका अंतिम लक्ष्य. उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि ज्ञान और परीक्षाएं जीवन के मात्र हिस्सा हैं. पीएम नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने अंकों को सफलता का अंतिम मापदंड न मानें.
छात्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पे चर्चा के दौरान यह बताया कि परीक्षा का आप पर दबाव महसूस हो सकता है, लेकिन इसे अपने ऊपर हावी न होने दें और तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें. खुद को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास करते रहें. छात्रों ने पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया कि उन्होंने परीक्षा के ठीक पहले ऐसा मंत्र दिया है, जो उनके जीवन में सफलता को हासिल करने में सहायक साबित होगा.
छात्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पे चर्चा के दौरान विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उनका क्या योगदान होगा, इस पर जोर दिया है. जो बच्चों को काफी अच्छा लगा. साथ ही स्वच्छता का पाठ पढ़ाया कि हर एक व्यक्ति को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार होना चाहिए. छात्र जीवन से ही अगर स्वच्छता के प्रति छात्र सचेत होंगे तो भविष्य में भी स्वच्छता का ख्याल रखेंगे.
स्कूल के छात्रों के साथ शिक्षकों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह दिखा. विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों को बड़े सरलता के साथ परीक्षा कैसे देनी है, इस पर जानकारी दी है. यह जानकारी छात्रों के लिए मील का पत्थर साबित होगी. विद्यालय के शिक्षक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बताए हुए रास्ते पर चलते हुए छात्रों को शिक्षा देंगे. जिससे विद्यार्थियों का जीवन सरल होगा.


