रांचीः सीबीआई की टीम ने हजारीबाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. सीबीआई की टीम ने मंगलवार को प्रोजेक्ट ऑफिस के प्रबंधक सहित चार को गिरफ्तार किया है, सभी पर कोल ट्रांसपोर्टर और लिफ्टरो से अवैध उगाही का आरोप था.
क्या है पूरा मामला
- सीसीएल गिद्दी-ए कोलियरी परियोजना हजारीबाग में कोल ट्रांसपोर्टर और लिफ्टरों से अवैध उगाही मामले में सीबीआई और एसीबी रांची की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. सीबीआई ने मंगलवार को प्रोजेक्ट ऑफिस के प्रबंधक अयोध्या करमाली, क्लर्क मुकेश कुमार, प्रकाश महली और कोल लिफ्टर विजय कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को सीबीआई रांची के विशेष जज के सामने पेश किया और उसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया.
- सीबीआई ने प्रेस रिलीज के माध्यम से आधिकारिक रूप से बताया है कि बीते 6 मार्च को सीबीआई और सीसीएल विजिलेंस टीम ने गिद्दी परियोजना कार्यालय का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया था. इसके बाद एसीबी ने पांच जून को सीसीएल प्रबंधन समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. पूछताछ में मैनेजर अयोध्या करमाली ने कबूला था कि प्रति ट्रक 1800 रुपये की अवैध वसूली की जाती थी.
हर माह क्लर्क मुकेश और प्रकाश महली उन्हें कोयले की उगाही के 10 लाख रुपये पहुंचाते थे. आरोपी प्रबंधक, दो क्लर्क और अज्ञात लोक सेवक तथा निजी व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न कोयला लिफ्टरों से कोयले के उठाव और परिवहन में मदद के लिए अनुचित लाभ प्राप्त करने के साक्ष्य सीबीआई को मिले हैं. पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को सीबीआई के विशेष अदालत में पेश किया गया


