हजारीबाग: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव अजय कुमार सिंह ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और कॉलेज का निरीक्षण किया है. निरीक्षण करने के दौरान कई निर्देश दिए गए तो यह भी बताया गया कि राज्य को 237 नये एंबुलेंस मिलने वाला है. दिसंबर महीने में संभवतः हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज परिसर में बन रहा 500 बेड का अस्पताल भी शुरू हो जाएगा.
झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव अजय कुमार सिंह ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में निरीक्षण किया ताकि मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य व्यवस्था का पता लगाया जा सके. उन्होंने झील परिसर में मौजूद कॉलेज का भी निरीक्षण किया. इसका मुख्य उद्देश्य मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानना और जो उपकरण हैं उसका उपयोग चिकित्सक कर रहे हैं या नहीं, इसका पता करना था.
निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि मरीजों को दवा मिल रही है. इसके अलावा, मौजूदा उपकरण का ठीक से रखरखाव और इस्तेमाल किया जाना चाहिए. इसके अलावा, जल्द से जल्द एक CT और MRI मशीन लगाई जाएगी. मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में डॉक्टर की जरूरत का भी आकलन किया गया है. उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज परिसर में बन रहा अस्पताल दिसंबर तक चालू हो जाएगा. सदर हॉस्पिटल को रेनोवेट कर और बेहतर बनाया जाएगा.
अपर सचिव अजय कुमार सिंह ने यह भी बताया कि पूरे राज्य में 108 एम्बुलेंस की हालत खराब है. इन्हें चलाने के लिए जल्द ही नई एजेंसी को जिम्मेदारी दी जाएगी. पुरानी 225 एम्बुलेंस आठ साल से सेवा में हैं और उनकी हालत खराब है. 237 नई एम्बुलेंस के लिए टेंडर निकाला जा रहा है, जो तीन से चार महीने में मिल जाएंगी.


