जूनागढ़: गुजरात के जूनागढ़ जिले में एक निजी बोर्डिंग स्कूल के प्रिंसिपल और हॉस्टल वार्डन को दो नाबालिग छात्रों के साथ कथित तौर पर कुकर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. यह बोर्डिंग स्कूल भेसन कस्बे के निकट स्थित है. पुलिस उपाधीक्षक (DSP) हितेश धंधल्या (Hitesh Dhandhalya) ने बताया कि आरोपियों की पहचान न्यू अल्फा स्कूल के प्रिंसिपल केवल लखनोत्रा और हॉस्टल वार्डन हिरेन जोशी के रूप में की गई है.
डीएसपी धंधल्या ने पत्रकारों को बताया, “उन्होंने स्कूल में पढ़ने वाले और परिसर में छात्रावास में रहने वाले दो छात्रों का कथित तौर पर कुकर्म किया. स्कूल के एक ट्रस्टी की शिकायत के आधार पर आज भेसन थाने में लखनोत्रा और जोशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.”
क्या दूसरे बच्चों का भी शोषण किया ?
उन्होंने कहा, “दो नाबालिग छात्रों ने आरोप लगाया है कि दोनों आरोपी उनके निजी अंगों को छूकर उनका यौन शोषण करते थे. छात्रावास में रहने वाली दो अन्य छात्रों ने कथित कृत्य को देखा था. लखनोत्रा और जोशी को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है. हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या दोनों आरोपियों ने और बच्चों का भी शोषण किया है.”
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल का दौरा किया
जिला शिक्षा अधिकारी लताबेन उपाध्याय ने बताया कि यह मामला रविवार को तब प्रकाश में आया जब स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के साथ बैठक के दौरान कुछ अभिभावकों ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल और हॉस्टल वार्डन ने उनके बच्चों के साथ गंदी हरकत की. उपाध्याय ने बताया कि आरोपों की पुष्टि के लिए उन्होंने सोमवार को पुलिस के साथ परिसर का दौरा किया.
उपाध्याय ने कहा कि छात्रों से बात करने के बाद, प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि प्रिंसिपल और हॉस्टल वार्डन ने दो नाबालिग छात्रों के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार किया. यह पुलिस जांच का विषय है कि दूसरे छात्र भी प्रभावित हुए हैं या नहीं. ट्रस्ट द्वारा दोनों को पहले ही सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है.”


