रांचीः अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम ग्राउंड ‘ए’ में खेले जा रहे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड की टीम ने एक बार फिर दमदार प्रदर्शन किया. रविवार को खेले गए मुकाबले में झारखंड ने राजस्थान को 36 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार सातवीं जीत दर्ज की. इस जीत के साथ झारखंड की टीम ने ग्रुप में पहला स्थान हासिल करते हुए अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर लिया है. लगातार जीत के सिलसिले ने टीम का आत्मविश्वास और मजबूत किया है और यह प्रदर्शन उनके बेहतरीन तालमेल और संतुलन को भी दर्शाता है.
आज मंगलवार के मैच में झारखंड की बल्लेबाजी बेहद प्रभावशाली रही. टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 215 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. बल्लेबाजों ने शुरू से ही आक्रामक अंदाज दिखाया और रनगति को कभी भी धीमा नहीं पड़ने दिया.
- झारखंड के स्टार बल्लेबाज विराट सिंह ने मात्र 36 गेंदों पर 69 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिली. विराट की यह धुआंधार पारी राजस्थान के गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी रही और टीम को बड़े स्कोर की ओर बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हुई.
- कप्तान कुमार कुशाग्र ने भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई. उन्होंने 37 गेंदों पर 55 रनों की संयमित लेकिन आक्रामक पारी खेली. कप्तान ने बीच के ओवरों में स्ट्राइक रोटेट करने के साथ-साथ मौकों पर बड़े शॉट भी लगाए. टीम के युवा खिलाड़ी रॉबिन मिंज एक बार फिर चमके और 27 गेंदों पर 58 रन ठोककर विपक्षी गेंदबाजों की लय बिगाड़ दी. तीनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों के दम पर झारखंड ने 215 रन का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया.
- इस लक्ष्य को हासिल करना राजस्थान के लिए आसान बिल्कुल नहीं था. जवाब में राजस्थान की टीम 19.2 ओवर में 179 रन पर ऑल आउट हो गई. शुरुआत में राजस्थान ने तेज रन बनाने की कोशिश की लेकिन झारखंड के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर दबाव बनाए रखा. टीम के लिए करण लांबा ने 52 रन और अनुभवी दीपक हुड्डा ने 28 रन बनाए, लेकिन ये पारियां मैच का रुख बदलने के लिए काफी नहीं रहीं.
गेंदबाजी में झारखंड के सुशांत मिश्रा और अनुकूल रॉय ने शानदार प्रदर्शन किया और दोनों ने 3-3 विकेट चटकाए. दोनों गेंदबाजों ने सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए राजस्थान के मध्यक्रम को झकझोर दिया. बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए विराट सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. इस जीत से झारखंड का मनोबल और बढ़ गया है और टीम अब अगले दौर में भी इसी लय को बनाए रखने की तैयारी में जुट गई है.


