कई लोगों को सुबह उठते ही खाली पेट चाय पीने की आदत होती है. इसके बाद ही वे कोई और काम करते हैं. लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या खाली पेट चाय पीने से हमारी सेहत पर कोई बुरा असर पड़ता है. तो इसका जवाब है हां! सुबह खाली पेट चाय पीने से पाचन तंत्र कमजोर होता है, एसिडिटी बढ़ती है और शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण पर असर पड़ता है. खबर में विस्तार से जानिए ऐसा करने से और कौन-कौन सी स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं.
डाइजेस्टिव सिस्टम पर बुरा प्रभाव
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, खाली पेट चाय पीने से सबसे पहले एसिडिटी और गैस्ट्रिक जैसी समस्याएं होने लगती हैं. चाय में मौजूद कैफीन पेट में एसिड को बढ़ाता है, जिससे पाचन संबंधी समस्याएं होती हैं. खाली पेट चाय पीने से भूख कम लगती है, जिससे शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता और पोषक तत्वों की कमी हो सकती है.
पोषक तत्वों के अवशोषण में कमी
चाय में मौजूद कैफीन आपकी सेहत के लिए अच्छा नहीं है. यही वजह है कि जो लोग लंबे समय तक खाली पेट चाय पीते हैं, उनमें आयरन और एनीमिया की समस्या हो जाती है. अधिक चाय पीने से शरीर में स्ट्रेस हार्मोन बढ़ जाते हैं. खाली पेट चाय पीने से यह असर और भी बढ़ जाता है, जिससे मूड स्विंग, चिड़चिड़ापन और नींद न आने की समस्या हो सकती है.
डिहाईड्रेशन का खतरा
चाय में पाया जाने वाला कैफीन मूत्रवर्धक प्रभाव पैदा करता है. यह शरीर से पानी को बाहर निकाल देता है. खाली पेट चाय पीने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे त्वचा संबंधी समस्याएं, थकान और कमजोरी हो सकती है.
दांतों और हड्डियों को करता है प्रभावित
चाय में मौजूद एसिड, खासकर जब चीनी के साथ मिल जाए, तो मुंह में एसिड का स्तर बढ़ा सकता है, जिससे दांतों के इनेमल को नुकसान पहुंच सकता है. ज्यादा मात्रा में और खाली पेट चाय पीने से दांत पीले पड़ सकते हैं और लंबे समय में हड्डियां कमजोर हो सकती हैं.
चाय पीने सर्वोत्तम समय क्या है?
सुबह खाली पेट चाय पीना कुछ लोगों की आदत हो सकती है. लेकिन यह अंततः स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है. चाय पीने का सबसे अच्छा समय नाश्ते के बाद या दिन के बीच में होता है. इसलिए, अगर आप अपने दिन की शुरुआत चाय से करते हैं, तो बेहतर होगा कि आप इस आदत को अभी बदल दें. अगर आपको सुबह चाय पीना ही है, तो हर्बल चाय पीना बेहतर है.
कितना खतरनाक है खाली पेट चाय का सेवन
ब्रिटिश हार्ट फाउंडेशन में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, खाली पेट गर्म चाय पाचन तंत्र की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाती है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि चाय में कैफीन पाया जाता है, जो पेट में एक विशेष प्रकार का एसिड बनाता है, जो पाचन में मदद करता है, लेकिन सुबह खाली पेट कैफीन की अधिक मात्रा पेट में जाने पर नुकसान पहुंचा सकती है. हेल्थलाइन के अनुसार, डेली 10 कप से ज्यादा चाय पीने वाले 10 लोगों पर एक स्टडी किया गया. इन 10 लोगों में आयरन का लेवल गिर गया, नींद में खलल पड़ा, सिरदर्द होने लगा और ब्लड प्रेशर बढ़ गया. इसका मतलब यह नहीं है कि लोगों को शाम या सुबह की चाय हमेशा के लिए छोड़ देनी चाहिए. इस शोध का मतलब है कि जिस तरह शराब और सिगरेट पर नियंत्रण रखने की जरूरत है, उसी तरह चाय पीने की आदत पर भी कंट्रोल रखने की जरूरत है और सुबह खाली पेट चाय का सेवन करने के बजाय, कुछ खाने के बाद ही चाय पीना बेहतर है.


