Wednesday, March 11, 2026

सुपौल जिले के बीरपुर में एयरपोर्ट के विकास को लेकर बड़ी पहल की गई राज्य सरकार ने इसके उन्नयन के लिए 36.38 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।

Share

बिहार के सुपौल जिले में बीरपुर एयरपोर्ट के विकास के लिए राज्य सरकार ने 36.38 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। जिससे सीमांचल और आसपास के जिलों को हवाई संपर्क का लाभ मिलेगा। यह राज्य में हवाई नेटवर्क मजबूत करने की पहल का हिस्सा है।

पटना। सुपौल जिले के बीरपुर में एयरपोर्ट के विकास को लेकर बड़ी पहल की गई है। राज्य सरकार ने इसके उन्नयन के लिए 36.38 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि बीरपुर एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। इसके लिए निर्माण कार्य की समय सीमा 15 माह तय की गई है।

आधुनिक टर्मिनल और एटीसी टावर का निर्माण

सम्राट चौधरी ने कहा कि एयरपोर्ट के विकास के तहत प्री-फैब्रिकेटेड स्टील स्ट्रक्चर टर्मिनल भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही प्री-इंजीनियर्ड एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर भी बनाया जाएगा।

इसके अलावा प्री-इंजीनियर्ड फायर स्टेशन तथा एयरपोर्ट से जुड़े अन्य आवश्यक भवनों का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

कोड-2बी श्रेणी के विमानों का होगा संचालन

सरकार की योजना के अनुसार बीरपुर एयरपोर्ट को कोड-2बी श्रेणी के विमानों के संचालन के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में छोटे और मध्यम आकार के विमानों का परिचालन संभव हो सकेगा।

एयरपोर्ट तैयार होने के बाद इस इलाके से हवाई यात्रा करना यात्रियों के लिए काफी आसान हो जाएगा।

सीमावर्ती जिलों को मिलेगा लाभ

बीरपुर एयरपोर्ट के निर्माण से मधुबनी, मधेपुरा, सहरसा, अररिया समेत आसपास के जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर हवाई सेवा मिल सकेगी।

इससे क्षेत्रीय संपर्क बढ़ेगा और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

राज्य में हवाई संपर्क बढ़ाने की पहल

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हवाई संपर्क और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए एनडीए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

इसी क्रम में हाल ही में मुजफ्फरपुर में निर्माणाधीन हवाईअड्डे के रनवे निर्माण के लिए 43.13 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है।

वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट का भी होगा विकास

इसके अलावा एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट के विकास और उन्नयन के लिए 38.64 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।

अब बीरपुर एयरपोर्ट के विकास के लिए 36.38 करोड़ रुपये का टेंडर जारी होने से राज्य में हवाई नेटवर्क मजबूत होने की उम्मीद है।

सहरसा में भी एयरपोर्ट निर्माण की तैयारी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सहरसा में भी एयरपोर्ट निर्माण को लेकर प्रयासरत है। जल्द ही वहां भी निर्माण प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में काम किया जाएगा।

राज्य सरकार सभी निर्माणाधीन एयरपोर्ट परियोजनाओं की निगरानी कर रही है, ताकि तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा हो सके।

Read more

Local News