होली के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इसमें लालकुआं-कोलकाता और सहरसा-पूर्णिया कोर्ट के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं. इस ट्रेन के चलने से छपरा, मुजफ्फरपुर, बरौनी और मधेपुरा स्टेशन के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
होली के मौके पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ हर साल बढ़ जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कुछ खास ट्रेनों को चलाने का फैसला किया है. पूर्व-मध्य रेल हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि अलग-अलग रूट पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी ताकि यात्रियों को परेशानी न हो.
ट्रेनों के बारे में जानिये
सबसे पहले बात करें लालकुआं-कोलकाता स्पेशल ट्रेन की. ट्रेन नंबर 05060 लालकुआं से 5 मार्च 2026 से 26 मार्च 2026 तक हर गुरुवार दोपहर 1:35 बजे चलेगी और अगले दिन रात 11:55 बजे कोलकाता पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन नंबर 05059 कोलकाता से 7 मार्च से 28 मार्च 2026 तक हर शनिवार सुबह 5 बजे निकलकर अगले दिन दोपहर 3:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी. यह ट्रेन गोरखपुर, सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी और किउल समेत कई बड़े स्टेशनों पर रुकेगी.
सहरसा-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन के बारे में जानिये
इसके अलावा सहरसा-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी. ट्रेन नंबर 05506 सहरसा से 6 मार्च से 15 मार्च 2026 तक मंगलवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को दोपहर 1:20 बजे चलेगी और 3:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन नंबर 05505 पूर्णिया कोर्ट से 9 मार्च से 17 मार्च तक सोमवार, मंगलवार, शुक्रवार और शनिवार को दोपहर 3 बजे रवाना होकर शाम 6:30 बजे सहरसा पहुंचेगी. यह ट्रेन मधेपुरा, मुरलीगंज और बनमंखी स्टेशनों पर रुकेगी.
इन स्पेशल ट्रेनों से त्योहार के दौरान यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में आसानी होगी और भीड़ का दबाव कम होगा. लोग बिना परेशान हुए अपने घर त्योहार मनाने आ सकेंगे.


